विज्ञापन
This Article is From Aug 07, 2016

रियो ओलिंपिक : सचिन तेंदुलकर ने कहा- चलो रियो में तिरंगा लहराएं, फिजी के प्रधानमंत्री से भी मिले

रियो ओलिंपिक : सचिन तेंदुलकर ने कहा- चलो रियो में तिरंगा लहराएं, फिजी के प्रधानमंत्री से भी मिले
फिजी के पीएम से मुलाकात के दौरान सचिन तेंदुलकर...
रियो डि जेनेरो: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर इन दिनों भारतीय ओलिंपिक दल का उत्साह बढ़ाने के लिए रियो में हैं. इस बीच उन्होंने रियो ओलिंपिक से इतर अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बॉक और फिजी के प्रधानमंत्री से मुलाकात की. इन मुलाकातों को महान भारतीय क्रिकेटर ने शानदार और गौरवपूर्ण पल बताया है, वहीं शनिवार को ट्वीट करके कहा कि आइए हम रियो में तिरंगा लहराते हैं.

भारतीय खिलाड़ियों के साथ समय बिताने और कुछ मैच देखने के बाद मास्टर-ब्लास्टर ने अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बॉक से मुलाकात की और उनके साथ पहले दिन रग्बी का लुत्फ उठाया. गौरतलब है कि रग्बी की 92 वर्ष बाद ओलिंपिक स्पर्धाओं में वापसी हुई है.  भारतीय दल के सद्भावना दूत के तौर पर रियो में मौजूद तेंदुलकर ने बाक के साथ खेलों को लेकर चर्चा की और उनके साथ बिताए पल को यादगार बताया.

आईओसी प्रमुख से मुलाकात के बाद तेंदुलकर ने ट्वीट किया, ‘‘रियो 2016, ओलिंपिक में IOC प्रमुख थॉमस बाक के साथ समय बिताना काफी शानदार रहा.’’
 
रविवार को तेंदुलकर ने फिजी के प्रधानमंत्री बैनीमरामा से भी भेंट की. पीएम बैनीमरामा रियो ओलिंपिक खेल देखने के लिए आए हुए हैं. सचिन उनसे मुलाकात के बाद ट्वीट किया, 'फिजी के प्रधानमंत्री बैनीमरामा से मुलाकात करना बहुत ही गौरवपूर्ण पल रहा.'
  तेंदुलकर रियो में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बहुत जिज्ञासा के साथ देख रहे हैं. वह सानिया मिर्जा और प्रार्थना थोंबारे के मैच के दौरान भी स्टैंड से उनका समर्थन करते नजर आए थे, हालांकि यह जोड़ी ओलिंपिक से बाहर हो गई.

सचिन तेंदुलकर ने इससे पहले एक ट्वीट करके कहा था, 'हमारे हीरोज को सपोर्ट करने के लिए जिन लोगों ने मेरा साथ दिया, उन सभी को मेरा शुक्रिया. चलो रियो में तिरंगा लहराएं'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सचिन तेंदुलकर, रियो ओलिंपिक, रियो ओलिंपिक 2016, ओलिंपिक, Sachin Tendulkar, Rio Olympics, Rio Olympics 2016, Olympics, फिजी, Fiji
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com