विज्ञापन
This Article is From Aug 08, 2016

रियो ओलिंपिक 2016 : भारत के लिए संडे भी नहीं बन पाया 'गुड-डे'

रियो ओलिंपिक 2016 : भारत के लिए संडे भी नहीं बन पाया 'गुड-डे'
दीपिका कुमारी एंड टीम क्वार्टरफाइनल में रूस से हारकर बाहर हो गई (फाइल फोटो)
  • महिला हॉकी टीम का जापान से मैच 2-2 से बराबर रहा
  • महिला तीरंदाजी टीम क्‍वार्टर फाइनल में रूस से हारी
  • 10 मीटर एयर पिस्‍टल इवेंट में हिना सिद्धू ने भी किया निराश
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो डि जेनेरो: रियो ओलिंपिक में शनिवार को कई मुकाबलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद देश को उम्मीद थी कि रविवार को भारतीय खिलाड़ी वापसी करेंगे और कोई न कोई कमाल तो करेंगे, लेकिन कुछ प्रतियोगताओं को छोड़कर एक बार फिर देश की उम्मीदों को झटका लगा. 36 साल बाद ओलिंपिक में खेल रही महिला हॉकी टीम ने अपना मैच ड्रॉ खेला, तो शूटर मानवजीत सिंह संधू और कीनान चेनाइ का प्रदर्शन कुछ खास तो नहीं रहा, लेकिन वह दौड़ में बने हुए हैं, वहीं मेडल की उम्मीद हिना सिद्धू बाहर हो गईं. जानिए कैसा रहा भारत के लिए दिन- (पदक तालिका)

पदक की उम्मीद हिना सिद्धू आउट
रविवार को भी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्‍टल इवेंट में पदक की दावेदार मानी जा रहीं हिना सिद्धू फाइनल के लिए क्‍वालिफाई नहीं कर सकीं. वह 14वें स्‍थान पर रहीं. वर्ल्‍ड नंबर वन शूटर रह चुकीं हिना ने 380 प्‍वाइंट स्‍कोर किए जो फाइनल राउंड में जगह बनाने के लिहाज से नाकाफी साबित हुए.

दीपिका एंड टीम ने लगाया जोर, लेकिन शूटऑफ में हारीं
दीपिका कुमारी, बोम्बायला देवी लेशराम और लक्ष्मीरानी माझी की जोड़ी ने क्वार्टरफाइनल में रूस के सामने तीसरे सेट तक 4-2 की लीड लेने के बाद चौथे सेट में नियंत्रण खो दिया और मुकाबला 4-4 से बराबरी पर आ गया. मैच का फैसला शूटऑफ से हुआ, जिसमें रूस ने भारत को 25-23 से हराकर उसे ओलिंपिक से बाहर का रास्ता दिखा दिया. इससे पहले भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने पहले दिन की हार को भुलाते हुए रविवार को शानदार वापसी की थी और कोलंबिया के खिलाफ प्री-क्वार्टरफाइनल में 5-3 से जीत दर्ज कर ली थी.

संधू-चेनाइ दौड़ में कायम
भारतीय निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू और कीनान चेनाइ रियो ओलिंपिक में पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के क्वालिफिकेशन दौर के पहले दिन क्रमश: 17वें और 19वें स्थान पर रहे. संधू और चेनाइ ने तीन दौर में 68 और 67 का स्कोर किया. पहले दिन कुल 33 निशानेबाजों ने क्वालिफाइंग दौर खेला. संधू ने 23, 23 और 22 का स्कोर किया, जबकि चेनाइ ने 22 , 23. 22 स्कोर बनाया. दोनों के पास अभी कल का दिन और है.

महिला हॉकी ने खेला ड्रॉ
36 साल बाद ओलिंपिक में खेल रही भारतीय महिला हॉकी टीम का रियो ओलिंपिक में रविवार को जापान के खिलाफ खेला गया पहला पूल मैच 2-2 से ड्रॉ रहा. ओलिंपिक हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत की तरफ से रानी रामपाल और लिलिमा मिंज ने गोल किए. गौरतलब है कि लंदन में खेली गई यूरो हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल में इंग्लैंड के जगह बना लेने के बाद भारत को ओलिंपिक में प्रवेश मिला था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक में भारत, रियो ओलिंपिक, ओलिंपिक, रियो ओलिंपिक 2016, तीरंदाजी, दीपा कर्मकार, मानवजीत सिंह संधू, India In Rio Olympics, Rio India Medal, Rio Olympics, Rio Olympics 2016, Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com