विज्ञापन
This Article is From Aug 08, 2016

रियो ओलिंपिक : अभिनव बिंद्रा 10 मीटर एयर राइफल में पदक से चूके, चौथे स्‍थान पर रहे

रियो ओलिंपिक : अभिनव बिंद्रा 10 मीटर एयर राइफल में पदक से चूके, चौथे स्‍थान पर रहे
अपने आखिरी ओलिंपिक में मेडल जीतने से चूके अभिनव बिंद्रा (फाइल फोटो)
  • इटली के निकोलो कैम्प्रियानी ने जीता 10 मी. एयर राइफल का गोल्ड
  • शूटआउट में 0.5 के बारीक अंतर से पदक चूक गए बिंद्रा
  • कहा-किसी को तो चौथे स्‍थान पर आना था, आज मेरी बारी थी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो: रियो ओलिंपिक की 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में भारत पदक के नजदीक पहुंचकर भी 'बहुत दूर' रह गया. स्‍टार शूटर अभिनव बिंद्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन आखिरकार उन्‍हें चौथे स्‍थान से संतोष करना पड़ा. आखिरी क्षणों में बिंद्रा तीसरे स्‍थान पर चल रहे थे और भारत की पदक की उम्‍मीद बनी हुई थी, अभिनव तीसरे स्‍थान के लिए यूक्रेन के शूटर कुलिश के साथ बराबरी पर थे, लेकिन शूटआउट में 0.5 अंक के बारीक अंतर से उन्‍हें पदक गंवाना पड़ा. इस बीच, पुरुषों की ट्रैप इवेंट में भारत के मानवजीत संधू और किनन चिनाय की चुनौती भी खत्‍म हो गई. मानवजीत 16वें और चिनाय 19वें स्‍थान पर रहे. वे फाइनल के लिए क्‍वालिफाई करने में सफल नहीं हो सके.

इस प्रतियोगिता में इटली के निकोलो कैम्प्रियानी ने 206.1 अंकों साथ स्वर्ण जीता, जबकि यूक्रेन के शेरी कुलीस ने 204.6 अंकों के साथ रजत और रूस के ब्लादिमीर मासलेनीकोव ने 184.2 अंकों के साथ कांस्य जीता. निकोलो ने फाइनल का ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया.

पदक गंवाने के बाद बिंद्रा ने कहा, 'किसी को चौथे स्‍थान पर आना था, आज मेरा टर्न था 'मैंने आज जिस तरह से निशाने साधे, उससे खुश हूं.' हालांकि वे यह कहने से नहीं चूके कि 'अच्‍छा होता अगर मेरे करियर का समापन पदक के साथ होता। मैं जानता हूं कि मैंने अपना सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन दिया है।' दार्शनिक अंदाज में उन्‍होंने कहा कि दुनिया में चौथे स्‍थान पर रहना भी बुरा नहीं है। रियो ओलिंपिक की मेंस 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में पहली सीरीज में अभिनव बिंद्रा ने सधी हुई शुरुआत की. 29.9 अंक के साथ वे पांचवें स्‍थान पर थे. बिंद्रा ने पहला शॉट 10 का लगाया उसके बाद का स्‍कोर 9.7 का रहा. सीरीज टू के बाद बिंद्रा ने अपनी स्थिति में और सुधार किया और सधे हुए निशाने लगाते हुए 92 प्‍वाइंट्स के साथ चौथे स्‍थान पर पहुंच गए.

एलिमिनेशन राउंड शुरू होने के बाद भी अभिनव का शानदार प्रदर्शन जारी रहा, इसमें नीचे के स्‍थान पर रहे दो शूटर सारकोव और गोर्सा को बाहर होना पड़ा. इस समय बिंद्रा दूसरे स्‍थान पर पहुंच गए थे. उनका स्‍कोर 29.9, 31.7, 20.4, 20.9 और  20.7 रहा. इसके बाद बिंद्रा परफेक्‍ट स्‍कोर नहीं कर सके. पदक मामूली अंतर से उनसे छिटक गया और उन्‍हें चौथे स्‍थान से ही संतोष करना पड़ा. इससे पहले पसंदीदा 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में बिंद्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में स्‍थान बना लिया था जबकि उनके सहयोगी और लंदन ओलिंपिक के ब्रांज मेडलिस्‍ट गगन नारंग मुकाबले से बाहर हो गए थे. बिंद्रा ने सातवें स्‍थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्‍वालिफाई किया था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अभिनव बिंद्रा, रियो ओलिंपिक 2016, शूटिंग, 10 मीटर एयर राइफल इवेंट, भारतीय शूटर, Abhinav Bindra, Rio Olympic 2016, Shooting, 10 Meter Rifle Shooting, Indian Shooter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com