विज्ञापन
This Article is From Jan 14, 2016

EXCLUSIVE : सुशील ने कहा, नरसिंह से मुकाबले के लिए तैयार हूं, जो जीतेगा वही रियो जाएगा

EXCLUSIVE : सुशील ने कहा, नरसिंह से मुकाबले के लिए तैयार हूं, जो जीतेगा वही रियो जाएगा
सुशील कुमार (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: नए साल में भारत के इकलौते डबल ओलिंपिक पदक विजेता (निजी स्पर्धाओं में) सुशील कुमार नई चुनौतियों का सामना करने को तैयार हैं। उन्होंने जरूरतमंद खिलाड़ियों की मदद के लिए एक नई पहल भी की है। उनकी संस्था 'सुशील फॉर स्पोर्ट्स' (SUSHIL4SPORTS) अब दूसरे खेलों के जरूरतमंद खिलाड़ियों की मदद कर उन्हें खेलों में आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।

इस कड़ी में फिलहाल यह संस्था आठ खिलाड़ियों (बेअंत सिंह-एथलेटिक्स, धर्मवीर सिंह-एथलेटिक्स, अमित दाहिया-कुश्ती, नीतू- महिला कुश्ती, अभिषेक वर्मा-तीरंदाजी, भरत-पैरालिंपिक्स, रवि-कुश्ती, मोनू-कुश्ती) के साथ शुरुआत कर रही है। इसका लक्ष्य हजार खिलाड़ियों को जोड़ना है। इस मौके पर सुशील कुमार ने NDTV से खास बातचीत में रियो ओलिंपिक्स की अपनी तैयारियों पर भी खुलकर बातचीत की।

सवाल: आपके करियर के लिहाज से भी ये साल बेहद अहम है, सबसे पहले नए साल में आपकी यह नई शुरुआत क्या है?
सुशील कुमार: हमने 'सुशील फॉर स्पोर्ट्स' संस्था के जरिये देश के सभी जरूरतमंद खिलाड़ियों की मदद की योजना बनाई है। खुद मुझे शुरुआती दौर में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मैं चाहता हूं कि आने वाले खिलाड़ियों को बिना वजह जूझना नहीं पड़े। इसके अलावा हम टैलेंट स्पॉटिंग भी करेंगे। खिलाड़ियों को जरूरत के वक्त मदद मिलेगी तो वो यकीनन अच्छा प्रदर्शन कर अच्छे नतीजे दे पाएंगे।

सवाल: इस साल आपके लिए एक और बड़ी चुनौती रियो का टिकट हासिल करने की है। इसके लिए आपको नरसिंह यादव से भिड़ने की जरूरत होगी। आप तैयार हैं?
सुशील कुमार: बिल्कुल। नरसिंह ने रियो का कोटा हासिल कर बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। मैं भी रियो को लक्ष्य बनाकर तैयारी कर रहा हूं। अगर ट्रायल्स में भिड़ना होगा, तो भिड़ेंगे ही। ये खेल है और इसके लिए सबको तैयार होना पड़ता है।

सवाल: क्या आपके जेहन में मेडल्स की हैट्रिक लगाने का ख़याल आता है?
सुशील कुमार: फैन्स की और आप सबकी दुआएं चाहिए। यकीनन मैं मेडल के लिए ही तैयारी कर रहा हूं। हमने फेडरेशन के साथ मिलकर तैयारी की योजना बनाई है। मैं देश के लिए एक और मेडल जीतना चाहता हूं। सबकुछ ठीक रहा तो ऐसा जरूर होगा।

सवाल: क्या आपको लगता है कुश्ती से इस बार रियो में लंदन से भी बेहतर नतीजे आएंगे?
सुशील कुमार: बिल्कुल। आना ही चाहिए। इस बार कई पहलवान बेहतर तैयारी करते नज़र आ रहे हैं। इसके लिए योगेशवर और अमित जैसे पहलवान भी जमकर तैयारी कर रहे हैं। मुझे लगता है रियो में पहलवान लंदन से बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक, सुशील कुमार, नरसिंह यादव, कुश्ती, सुशील फॉर स्पोर्ट्स, Rio Olympics, Sushil Kumar, Narsingh Yadav, Wrestling, SUSHIL4SPORTS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com