भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर प्रतिका रावल ने 'वार्विकशायर विमेन' के साथ करार किया है. दाएं हाथ की 25 वर्षीय बल्लेबाज 19 अगस्त से शुरू होने वाले क्लब के वनडे कप मुकाबलों के अगले दौर से पहले टीम में शामिल होंगी. उम्मीद है कि भारतीय ओपनर एजबेस्टन में वॉर्विकशायर और यॉर्कशायर के बीच होने वाले वनडे कप मैच के लिए उपलब्ध रहेंगी. रावल काउंटी क्रिकेट खेलने की चुनौती का सामना करने के लिए बेहद उत्सुक हैं, उन्होंने कहा, मुझे वॉर्विकशायर से जुड़कर बहुत खुशी हो रही है. मैंने क्लब के बारे में बहुत अच्छी बातें सुनी हैं. मैं काम शुरू करने और टीम की हर संभव मदद करने के लिए उत्साहित हूं. इंग्लैंड में खेलकर खुद को परखना मेरे लिए एक शानदार अनुभव होगा. मैं एजबेस्टन में खेलने का भी बेसब्री से इंतजार कर रही हूं, जो वर्ल्ड क्रिकेट का एक बहुत ही मशहूर मैदान है.'
क्लब ने मंगलवार को एक रिलीज में कहा, 'यह टीम के लिए एक बेहतरीन अनुबंध है और हम एडगबैस्टन में प्रतिका का स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं. इस समय वनडे कप टेबल में हमारी स्थिति अच्छी है, और प्रतिका जैसी काबिलियत वाली खिलाड़ी को टीम में शामिल करने से हमारी टीम और मजबूत होगी, क्योंकि हम सीजन का समापन सकारात्मक संदेश के साथ करना चाहते हैं.'
प्रतिका रावल ने साल 2024 में भारत के लिए डेब्यू किया था, जिसके बाद वह टीम की अहम सदस्य बन गईं. बतौर ओपनर प्रतिका ने अपने वनडे करियर की शानदार शुरुआत करते हुए शुरुआती 10 मुकाबलों में 600 से ज्यादा रन बनाए और वनडे फॉर्मेट में दुनिया की बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई है.
प्रतिका ने विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में भारत के सफल अभियान में अहम भूमिका निभाई और टूर्नामेंट में सर्वाधिक 308 रन बनाए. रावल ने वनडे क्रिकेट में अपना दूसरा शतक उस मैच में लगाया जिसे टीम को जीतना बेहद जरूरी थी. हालांकि, चोट के कारण फाइनल नहीं खेल सकीं. इस साल रावल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया, जिसकी दूसरी पारी में 68 रन बनाए.
वार्विकशायर विमेन की हेड कोच अली मेडन ने रावल के टीम में शामिल होने का स्वागत किया है. कोच को लगता है कि रावल के आने से टीम को प्रतियोगिता के आखिरी हिस्से में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- 'कल रोटी के लाले थे, आज गोल्ड की तालाश, बॉक्सिंग के 5 धुरंधर रिंग में, जगी पदक की उम्मीद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं