विज्ञापन
This Article is From Feb 10, 2017

फुटबॉल की शीर्ष संस्‍था फीफा में डिएगो मेराडोना को आधिकारिक पद

फुटबॉल की शीर्ष संस्‍था फीफा में डिएगो मेराडोना को आधिकारिक पद
मेराडोना अर्जेंटीना ही नहीं, दुनिया के महान फुटबॉलरों में गिने जाते थे (फाइल फोटो)
  • अर्जेंटीना के पूर्व फुटबॉलर ने फेसबुक पेज पर की घोषणा
  • 1986 की वर्ल्‍डकप चैंपियन अर्जेंटीना टीम के कप्‍तान थे मेराडोना
  • फुटबॉल की शीर्ष संस्‍था में खेल एम्‍बेसडर के तौर पर शामिल होंगे
ब्यूनस आयर्स: अर्जेंटीना के पूर्व फुटबॉलर डिएगो मेराडोना ने कहा है कि वह फुटबॉल की विश्व नियामक संस्था फीफा में आधिकारिक पद संभालेंगे. महान फुटबॉलर मेराडोना ने अपने फेसबुक पेज पर इसकी घोषणा की. फेसबुक पेज पर अपनी पोस्ट के साथ मेराडोना ने फीफा के अध्यक्ष गियानी इन्फेंटीनो के साथ एक फोटो भी साझा की है. इसमें उन्होंने कहा कि अब यह आधिकारिक है. मेराडोना ने कहा, "आखिरकार मैं अपने सपने को पूरा कर सकता हूं; मैं फुटबॉल प्रेमियों के साथ फीफा को पारदर्शी और साफ-सुथरा रखने की दिशा में काम करना चाहता हूं. मुझे नई चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया." वर्ष 1986 में वर्ल्‍डकप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे मेराडोना ने कहा कि वह फीफा में एक खेल एम्बेसडर के तौर पर शामिल होंगे. उनका लक्ष्य अर्जेंटीना फुटबॉल संघ को साफ-सुथरा करना है.

 इस बीच, फीफा की महासचिव फातमा सामोउरा ने फीफा वर्ल्‍डकप-2018 की मेजबानी के लिए रूस की ओर से की जा रही तैयारियों पर संतुष्टि जताई है. रूस के उप-प्रधानमंत्री विताली मुतको ने मॉस्‍को में यह जानकारी दी.इसके अलावा फातमा ने कनफेडरशंस कप-2017 की तैयारियों को लेकर भी रूस का समर्थन किया है. फातमा इस समय तैयारियों का जायजा लेने के लिए रूस के दौरे पर हैं. समाचार एजेंसी तास ने रूस फुटबॉल संघ (आरएफयू) के अध्यक्ष मुतको के हवाले से कहा, 'फीफा की महासचिव फातमा मॉस्को दौरे पर हैं. हमने फातमा के साथ कन्‍फेडरेशंस कप-2017 और फीफा वर्ल्‍डकप-2018 की तैयारियों के संदर्भ में कई मुद्दों पर चर्चा की और फीफा का इन तैयारियों को लेकर कोई भी सवाल नहीं है." मुतको ने कहा कि फातमा के साथ वाणिज्यिक अधिकारों के संदर्भ में भी चर्चा हुई, जिसमें टीवी पर टूर्नामेंटों के मैचों के प्रसारण अधिकार भी शामिल हैं. मुतको ने कहा कि वह समन्वय के लिए तैयार हैं, लेकिन अंतिम फैसला फीफा को लेना है. (आईएएनएस से इनपुट)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फीफा, अर्जेंटीना के फुटबॉलर, डिएगो मेराडोना, आधिकारिक पद, FIFA, Argentina, Footballer, Diego Maradona, Official Post
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com