विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2016

RIO में भारत : नाकामियों से भरे 'वेडनेसडे' में बोम्‍बायला और दीपिका बनीं उम्‍मीद की किरण

RIO में भारत : नाकामियों से भरे 'वेडनेसडे' में बोम्‍बायला और दीपिका बनीं उम्‍मीद की किरण
बोम्बायला देवी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारत के लिए बुधवार को मंगलवार की तरह ही एक बार फिर तीरंदाजी स्पर्धा में खुशखबरी मिली, जब दो भारतीय महिला तीरंदाजों ने महिला वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. ये तीरंदाज रहीं बोम्बायला देवी और दीपिका कुमारी. इन दोनों के तीर बिलकुल निशाने पर लगे और उन्होंने लगातार दो मैच जीते. उनके अलावा दिन में और किसी  खिलाड़ी ने भारत के लिए कारनामा नहीं किया. सबसे अधिक निराश किया 50 मीटर पिस्टल में मास्टरी रखने जीतू राय ने. आइए जानते हैं भारत के लिए कैसा रहा- वेडनेसडे...

तीरंजाद दीपिका ने बंधाई उम्मीद
पुरुष तीरंदाजी में अतानु दास और महिला तीरंदाजी में बोम्‍बायला देवी के शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने बारिश और हवाओं के बीच अच्छे खेल का नमूना पेश किया. अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें गुरुवार को चीनी ताइपै की तान या तिंग से भिड़ना होगा.

दीपिका ने अब तक अपने दोनों मुकाबलों में पहले सेट में पिछड़ने के बाद वापसी की. उन्होंने सारतोरी को 24-27, 29-26, 28-26, 28-27 से पराजित किया. इस तरह से इस मैच का कुल स्कोर 109-106 रहा. झारखंड की इस तीरंदाज ने अपने पहले दौर के मुकाबले में जार्जिया की क्रिस्टीन इसेबुआ को 6-4 से हराया. दीपिका और क्रिस्टीन के बीच रोचक मुकाबला हुआ, जिसमें भारतीय तीरंदाज ने आखिर में 26-27, 29-29, 30-27, 27-29, 29-29 से जीत दर्ज की. इस तरह मैच का ओवरआल स्कोर 142-140 रहा.

बोम्बायला देवी : लगे तीर निशाने पर
इससे पहले तीरंदाजी के एकल वर्ग में भारत की बोम्‍बायला देवी ने भी 1/8 एलिमिनेशन राउंड में स्‍थान पक्का किया, मतलब वह अब प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंच गईं हैं. बोम्‍बायला का अगला मुकाबला गुरुवार शाम 5.56 बजे होगा.
 

बोम्‍बायला ने करीब पौन घंटे के अंतराल में दो मुकाबले खेले. उन्‍होंने ऑस्ट्रिया की तीरंदाज बाल्‍दाउफ लॉरेंस को हराने के बाद चीनी ताइपेई पर लिन शिह चिया पर 27-24,27-24, 26-27 और 28-26 से जीत दर्ज की. इससे पहले मंगलवार को भारत के अतानु दास ने भी 1/8 एलिमिनेशन राउंड में स्‍थान बनाते हुए तीरंदाजी में भारत की पदक की उम्‍मीदों को बरकरार रखा था.

जीतू राय ने माना कि देश का सिर नीचा किया
जीतू राय एक और स्पर्धा से बाहर हो गए और भारत की पदक की उम्मीदें टूट गईं. जीतू ओलिंपिक शूटिंग सेंटर में हुए 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में 12वें स्थान पर रहे और फाइनल में प्रवेश नहीं कर सके. जीतू ने स्पर्धा से बाहर होने के बाद कहा, "मैंने अपने देश का सिर नीचा कर दिया. शूटिंग सेंटर पर हवा चल रही थी, लेकिन मैं कोई बहाना नहीं बनाना चाहता."
 

ऑस्‍ट्रेलिया के आगे टिक नहीं सकी महिला हॉकी टीम
36 साल बाद ओलिंपिक में खेल रही भारतीय महिला हॉकी टीम को बुधवार को रियो ओलिंपिक में अपने तीसरे पूल मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. ओलिंपिक हॉकी स्टेडियम में पूल-बी के मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6-1 से मात दी. यह भारतीय महिलाओं की इस ओलिंपिक में लगातार दूसरी हार है. ब्रिटेन के खिलाफ दूसरे पूल मैच में उसे 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था. रविवार को जापान के खिलाफ पहले मैच 2-2 से ड्रॉ खेला था. अब गुरुवार को उसका मुकाबला अमेरिका से है.
 

फाइनल के लिए क्‍वालिफाई नहीं कर पाए वेटलिफ्टर सतीश
भारतीय भारोत्तोलक सतीश कुमार शिवलिंगम रियो ओलिंपिक के चौथे दिन बुधवार को पुरुषों की 77 किलोग्राम भारवर्ग के ग्रुप-बी मुकाबले में चौथे स्थान पर रहे. सतीश ने कुल 329 किलोग्राम भार उठाया और छह प्रतिभागियों के बीच चौथा स्थान हासिल किया. शीर्ष पर रहे कोलंबियाई भारोत्तोलक आंद्रेस मौरीसिया काईसेडो पीद्राहीता ने कुल 346 किलोग्राम भार उठाया.
सतीश शिवलिंगम (फाइल फोटो)

अवतार सिंह : पहले ही राउंड में चुनौती खत्‍म
जूडो में पुरुषों के 90 किलोग्राम भार वर्ग के इलिमिनेशन राउंड ऑफ 32 में एकमात्र भारतीय दावेदार अवतार सिंह को हार का सामना करना पड़ा. अवतार रिफ्यूजी ओलिंपिक टीम की ओर से खेल रहे पोपोल मिसेंगा के हाथों 1-0 से हारे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक 2016, तीरंदाजी, रियो ओलिंपिक, बोम्बायला देवी, Bombayla Devi, Rio Olympics 2016, Rio Olympics, Archery, Shooting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com