एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है. पंजाब के जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेले जाने वाले इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में हरमनप्रीत सिंह एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगे. हाल ही में एशियन गेम्स का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली भारतीय टीम अब अपने घरेलू मैदान पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने के इरादे से उतरेगी.
भारत एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का सबसे सफल देश है और अब तक पांच बार यह खिताब जीत चुका है. ऐसे में मौजूदा चैंपियन टीम अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करने की कोशिश करेगी. टीम चयन में अधिकतर उन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया गया है जिन्होंने हाल ही में जापान में भारत को एशियन गेम्स 2026 का खिताब बचाने में अहम भूमिका निभाई थी.
इस बार गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक की टीम में वापसी हुई है. वहीं युवा डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा और मिडफील्डर आदित्य अर्जुन लालगे को भी खुद को साबित करने का एक और मौका मिला है. 18 खिलाड़ियों की मुख्य टीम के अलावा मिडफील्डर विष्णु कांत सिंह और फॉरवर्ड अंगद बीर सिंह को रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में रखा गया है.
भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन का मानना है कि टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है. उन्होंने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का अलग ही अनुभव होता है और टीम लंबे समय बाद भारत में ऐसे बड़े टूर्नामेंट का इंतजार कर रही थी.
फुल्टन ने कहा, "इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का तालमेल है और हम घरेलू दर्शकों के उत्साह का फायदा उठाने के लिए उत्साहित हैं. भारत में टूर्नामेंट खेलने जैसा कुछ नहीं है और हमने इसे बहुत मिस किया है."
टूर्नामेंट की शुरुआत जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम से होगी. 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लीग चरण के सभी मुकाबले और उद्घाटन समारोह यहीं आयोजित किए जाएंगे. इसके बाद प्रतियोगिता मोहाली पहुंचेगी, जहां 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को पदक मुकाबले खेले जाएंगे. ये मैच ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे.
जालंधर का हॉकी से रिश्ता काफी पुराना और मजबूत रहा है. भारत में बहुत कम ऐसे शहर हैं जिनकी पहचान हॉकी से इतनी गहराई से जुड़ी हो. ओलंपियन खिलाड़ियों को तैयार करने वाले गांवों से लेकर खेल सामग्री उद्योग तक, जालंधर लंबे समय से भारतीय हॉकी का अहम केंद्र रहा है. ऐसे में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी इस शहर के लिए भी खास मानी जा रही है.
बर्लटन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम लगभग 7,000 दर्शकों की क्षमता वाला मैदान है. यह वर्षों से कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी करता रहा है और शहर की खेल संस्कृति का प्रमुख हिस्सा माना जाता है.
भारत की 1975 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य सुरजीत सिंह के नाम पर बने इस स्टेडियम की अपनी अलग विरासत है. 1984 में स्थापित सुरजीत हॉकी सोसायटी ने सुरजीत हॉकी अकादमी और सुरजीत मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के जरिए भारतीय हॉकी के विकास में लगातार योगदान दिया है. यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी को लेकर जालंधर में खास उत्साह देखने को मिल रहा है.
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए भारतीय टीम
गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक
डिफेंडर: संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमनदीप लाकड़ा
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, नीलकंठ शर्मा, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह
फॉरवर्ड: शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह
रिजर्व खिलाड़ी: विष्णु कांत सिंह, अंगद बीर सिंह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं