विज्ञापन
This Article is From Aug 07, 2017

वर्ल्‍ड एथलेटिक्स : अमेरिका की टोरी बोवी बनीं महिलाओं की 100 मी. रेस की चैंपियन

अमेरिका की टोरी बोवी ने आईएएएफ वर्ल्‍ड चैम्पियनशिप में महिलाओं की 100 मीटर रेस जीत ली है.

वर्ल्‍ड एथलेटिक्स : अमेरिका की टोरी बोवी बनीं महिलाओं की 100 मी. रेस की चैंपियन
प्रतीकात्‍मक फोटो
  • टोरी बोवी ने 10.85 सेकेंड का समय निकाला
  • महिलाओं की मैराथन रोज चेलिमो ने जीती
  • पुरुष वर्ग में कल उसेन बोल्‍ट चूक गए थे गोल्‍ड
लंदन: अमेरिका की टोरी बोवी ने आईएएएफ वर्ल्‍ड चैम्पियनशिप में महिलाओं की 100 मीटर रेस जीत ली है. बोवी ने रविवार रात इस स्पर्धा में 10.85 सेकेंड का समय निकालते हुए गोल्‍ड हासिल किया. वह इस चैम्पियनिशप के पिछले संस्करण में कांस्य पदक जीतने में सफल रही थीं, लेकिन इस बार उन्होंने अपने पदक के रंग स्‍वर्ण में तब्‍दील कर लिया. इससे पहले टूर्नामेंट की 100 मीटर की पुरुष वर्ग की रेस में वर्ल्‍ड चैंपियन उसेन बोल्‍ट को कांस्‍य पदक से संतोष करना पड़ा था.

आइवरी कोस्टा की मैरी जोसे, बोवी से बेहद करीबी अंतर से चूक गईं. मैरी ने 10.86 सेकेंड का समय निकालते हुए रजक पदक हासिल किया जबकि नीदरलैंडस की डेफ्ने स्कीपर्स 10.96 सेकेंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं.

यह भी पढ़ें : महान एथलीट उसेन बोल्‍ट का पहला प्‍यार था क्रिकेट, जानें 5 बातें

विश्व चैम्पियनशिप के पिछले संस्करण में डेफ्ने ने रजत पदक जीता था, लेकिन इस बार उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा. महिला वर्ग की मैराथन स्पर्धा में बहरीन की रोज चेलिमो ने स्वर्ण पदक हासिल किया. समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, केन्या में जन्मी चेलिमो ने आखिरी के एक किलोमीटर में जबरदस्त तेजी दिखाते हुए दो घंटे, 27 मिनट 11 सेकेंड में रेस पूरी की.

वीडियो : रियो की ब्रांज मेडलिस्‍ट साक्षी मलिक ने दिखाई यह अदा



केन्या की एडना आंगरींगवोनी किप्लागाट तीसरी बार विश्व चैम्पियन बनने से चूक गईं. किप्लागाट ने दो घंटे 27 मिनट 18 सेकेंड में रेस पूरी की और रजत पदक हासिल किया. अमेरिका की एमी क्रैग ने किप्लागाट के बराबर ही समय निकाला, हालांकि उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. (इनपुट: आईएएनएस)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IAAF World Championships, Tori Bowie
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com