विज्ञापन
This Article is From Dec 03, 2015

वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स : भारत की टक्कर क्वार्टर में ग्रेट ब्रिटेन से आज

वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स : भारत की टक्कर क्वार्टर में ग्रेट ब्रिटेन से आज
इंडियन हॉकी टीम (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: रायपुर में गुरुवार को भारत की टीम ग्रेट ब्रिटेन से टक्कर लेगी। जानकार इसे भारत के लिए एक बड़ा मौका मान रहे हैं। भारत अगर ग्रेट ब्रिटेन को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच पाता है, तो ना सिर्फ भारत की साख बढ़ेगी और एक बेहद बड़े टूर्नामेंट में पोडियम पर पहुंचने का मौका मिलेगा, बल्कि रियो ओलिंपिक्स की दावेदारी में भी इस टीम का कद और ऊंचा हो जाएगा। वर्ल्ड हॉकी लीग के फाइनल में दुनिया की सभी चुनिंदा टीमें हिस्सा ले रही हैं और अपनी बेहतरीन टीम के साथ मैदान पर उतर कर अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं।

वर्ल्ड हॉकी लीग में इंग्लैंड की रैंकिंग 4 है जबकि भारत की रैंकिंग 6 है। उससे भी अहम बात यह है कि भारत, दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मैच में इंग्लैंड से (वर्ल्ड हॉकी लीग सेमीफ़ाइनल, एंटवर्प में) 1-5 से हारा और टूर्नामेंट में चौथे नंबर पर रहा। इसलिए भारत के पास उस हार का बदला लेने का अच्छा मौका है। इंग्लैंड के कोच बॉब क्रचलि रायपुर में घरेलू टीम के खिलाफ सावधान नजर आ रहे हैं। वो कहते हैं, "उन्होंने (भारत ने) जर्मनी के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया। हालांकि, हॉलैंड और अर्जेन्टीना के ख़िलाफ़ ये टीम अच्छा खेल नहीं दिखा पाई, लेकिन ये टीम क्वार्टर फाइनल में अपना स्तर यकीनन अच्छा करेगी और कड़ा मुकाबला खेलेगी।"

इस मैच को जीतकर दोनों टीमें मेडल राउंड के मैचों में जगह बना सकती है। भारत के लिए अलग चुनौतियां हैं तो इंग्लैंड की मुश्किलें भी कम नहीं। टूर्नामेंट में भारत को अब तक कोई जीत हासिल नहीं हुई है। भारत को अर्जेंटीना के खिलाफ 0-3 और हॉलैंड के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन ओलिंपिक चैंपियन जर्मनी को 1-1 से रोक कर टीम इंडिया ने अपने हौसले को पस्त नहीं होने दिया है। दूसरी तरफ़ इंग्लैंड को कनाडा के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल हुई और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5-2 से जीत हासिल हुई। लेकिन वो बेल्जियम के खिलाफ 3-3 के नतीजों को वो अच्छा नहीं मान रहे।

भारतीय टीम के डच कोच रोलंट ऑल्टमैन्स के मुताबिक टीम ट्रान्ज़िशन (बदलाव) के दौरान अपनी उर्जा खोने लगती है जो टीम के लिए फ़िक्र की बात है। लेकिन टीम लगातार अपनी ग़लतियों को ठीक करने की कोशिश कर रही है। कोच ऑल्टमैन्स इस बात से खुश हैं कि टीम उनकी रणनीतियों के मुताबिक ही मैच खेल रही है। उम्मीद की जानी चाहिए कि आज शाम 6:30 बजे (स्टार स्पोर्ट्स 1 पर) इंडियन हॉकी टीम अपने फ़ैन्स को मायूस नहीं करेगी। टीम जीत सकी तो हॉकी के लिए बड़ा बोनस साबित होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स, हॉकी वर्ल्ड लीग, रायपुर हॉकी, भारतीय हॉकी टीम, ग्रेट ब्रिटेन, Hockey World League Finals, Hockey World League, Raipur Hockey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com