हॉकी इंडिया ने अनुशासनहीनता के कारण राष्ट्रीय टीम के दो खिलाड़ियों संदीप सिंह और सरदारा सिंह पर शनिवार को दो साल का प्रतिबंध लगा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
हॉकी इंडिया ने अनुशासनहीनता के कारण राष्ट्रीय टीम के दो खिलाड़ियों संदीप सिंह और सरदारा सिंह पर शनिवार को दो साल का प्रतिबंध लगा दिया। दोनों मंगलवार को शिविर से अनुपस्थित थे। इससे पहले इस साल दोनों को दो बार अनुशासनहीनता के लिए फटकार लगाई जा चुकी है। हॉकी इंडिया की शनिवार को लम्बे समय तक चली बैठक में मुख्य कोच माइकल नॉब्स और चयनकर्ता भी मौजूद थे। दोनों खिलाड़ियों को भी अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। दो सालों के प्रतिबंध के दौरान दोनों खिलाड़ी हॉकी इंडिया और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन के खेलों में शामिल नहीं हो पाएंगे। हॉकी इंडिया के महासचिव नरिंदर बत्रा ने संवाददाताओं से कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है। दोनों बेहतरीन खिलाड़ी हैं। लेकिन माना यह जा रहा था कि दोनों की अनुशासनहीनता का टीम पर बुरा असर हो रहा था।" उन्होंने कहा कि 30 दिनों के भीतर दोनों खिलाड़ी फैसले के खिलाफ अपील कर सकते हैं। उन्हें सुनने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। संदीप और सरदारा ने फैसले पर आश्चर्य जताया। सरदारा ने कहा, "मैंने घर जाने के लिए कोच से अनुमति ली थी। मुझे नहीं पता कि ऐसा फैसला क्यों लिया गया।" बत्रा ने कहा, "वे अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि उनकी किसी भी मनमानी को बर्दाश्त कर लिया जाएगा।"
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
संदीप, सरदारा, प्रतिबंध