विज्ञापन
This Article is From Oct 05, 2017

फीफा U-17 वर्ल्‍डकप: कोलकाता की गर्मी और उमस से चिली की फुटबॉल टीम परेशान

चिली की अंडर 17 टीम के खिलाड़ी अब तक कोलकाता की तेज गर्मी और उमस से सामंजस्य नहीं बैठा पाए हैं जो फीफा अंडर-17 वर्ल्‍डकप के उनके अभियान में समस्या पैदा कर सकता है.

फीफा U-17 वर्ल्‍डकप: कोलकाता की गर्मी और उमस से चिली की फुटबॉल टीम परेशान
प्रतीकात्‍मक फोटो
कोलकाता: सबसे पहले यहां पहुंचने के बावजूद चिली की अंडर 17 टीम के खिलाड़ी अब तक कोलकाता की तेज गर्मी और उमस से सामंजस्य नहीं बैठा पाए हैं जो फीफा अंडर-17 वर्ल्‍डकप  के उनके अभियान में समस्या पैदा कर सकता है. चिली के ग्रुप की अन्य टीमें मैक्सिको, इंग्लैंड और इराक हैं. चिली की अंडर 17 टीम के फारवर्ड विलियम गामा और डिएगो वेलेंसिया ने कहा कि वे 8 अक्‍टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ टीम के पहले ग्रुप मैच से पहले हालात के अनुकूल ढलने का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं.गामा ने टीम के पहले आधिकारिक ट्रेनिंग सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मेरे लिए ही नहीं, बल्कि टीम के प्रत्येक सदस्य के लिए यह काफी मुश्किल है, लेकिन हम काफी तेज गर्मी और उमस से सामंजस्य बैठाने का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं.’ अग्रिम पंक्ति में गामा के साथी वेलेंसिया ने कहा, ‘हम मौसम के अनुसार ढलने की कोशिश कर रहे हैं, यह हमारा लक्ष्य है. यहां मुख्य अंतर गर्मी और उमस है. हालात से सामंजस्य बैठाने के लिए हम प्रत्येक दिन कड़ा प्रयास कर रहे हैं.’

वीडियो : कश्‍मीर में पत्‍थरबाजी छोड़कर फुटबॉल खेल रहीं लड़कियां
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) कॉम्पलेक्स में अभ्यास के बाद गामा ने टीम के पहले मैच के बारे में कहा कि हम इंग्लैंड की दोनों तरफ (दाएं और बाएं पट्टी) से आक्रमण पंक्ति के खिलाड़ियों को ज्यादा उपयोग में लाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "इंग्लैंड दोनों तरफ से आक्रमण पंक्ति के खिलाड़ियों का काफी उपयोग करती है. हम इस रणनीति पर काम कर रहे हैं." गामा से जब सीनियर टीम में उनके प्रेरणा स्त्रोत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "अर्तुरो विडाल मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं क्योंकि वह मेरे प्रेरणास्त्रोत हैं." (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FIFA U-17 World Cup, Chile
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com