विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2014

राष्ट्रमंडल खेल (मुक्केबाजी) : विजेंदर, मनोज अंतिम-16 दौर में पहुंचे

ग्लासगो:

ओलिम्पिक कांस्य पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह और मनोज कुमार 20वें राष्ट्रमंडल खेलों के तीसरे दिन शनिवार को अपने-अपने वर्गों में जीत दर्ज कर अंतिम-16 दौर में पहुंच गए।

स्कॉटिश एग्जिबिशन कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसईसीसी) में हुए 64 किलोग्राम भारवर्ग के अंतिम-32 दौर के मुकाबले में मनोज ने लिसोथो के मोखाचाने मोशोइशू को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से मात दे दी।

मनोज तीनों ही बाउट में अपने प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह हावी रहे और हर बाउट में पूरे 30-30 अंक हासिल किए।

मोशोइशू हरियाणा के मनोज के आगे जरा भी नहीं टिक सके और किसी भी राउंड में वह 27 से अधिक अंक हासिल नहीं कर पाए।

इस मुकाबले के बाद विजेंदर ने भी भारतीय जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए 75 किलोग्राम भारवर्ग के अंतिम-32 दौर के मुकाबले में किरीबाटी के एंड्र कोमेटा को सीधे-सीधे 3-0 से हरा दिया।

विजेंदर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रत्येक बाउट में 30 अंक हासिल किए, जबकि कोमेटा तीनों बाउट में क्रमश: 26,25,26 अंक ही अर्जित कर पाए।

विजेंदर अंतिम-16 दौर के मुकाबले में अब सोमवार को नामीबिया के मुजांदजेई कासुओता से भिड़ेंगे, जबकि मनोज रविवार को कनाडा के आर्थर बियार्सलानोव का सामना करेंगे।
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह, मनोज कुमार, राष्ट्रमंडल खेल 2014, Indian Boxer, Vijender Singh, Manoj Kumar, Commonwealth Games 2014
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com