विज्ञापन
This Article is From Jun 06, 2015

चैंपियंस लीग का फ़ाइनल आज, क्या मेस्सी-सुआरेज़-नेमार की तिकड़ी दिला पाएगी टीम को ख़िताब?

चैंपियंस लीग का फ़ाइनल आज, क्या मेस्सी-सुआरेज़-नेमार की तिकड़ी दिला पाएगी टीम को ख़िताब?
यूईएफए चैंपियंस लीग का फ़ाइनल बर्लिन में शनिवार रात खेला जाएगा, जिसमें एक ओर स्पेनिश क्लब बार्सिलोना है, तो दूसरी ओर इटालियन क्लब यूवेंट्स।

इस मुक़ाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बार्सिलोना इस सीज़न में खिताबों की तिकड़ी पूरा करेगी। बार्सिलोना इस सीजन में स्पेनिश लीग ला-लीगा और कोपा डेल रे कप का खिताब जीत चुकी है।

मेस्सी की अगुवाई में बार्सिलोना 2009 की कामयाबी को दोहराना चाहेगी। जिस टीम में लियोनेल मेस्सी जैसा फ़ुटबॉलर मौजूद हो, उसका पलड़ा किसी भी मुक़ाबले में सामने वाली टीम पर भारी पड़ जाता है। आखिर मौजूदा समय में फुटबॉल के सबसे बड़े फनकार हैं लियोनेल मेस्सी। उन्हें फुटबॉल का जादूगर कहा जाता है। ऐसे में चैंपियंस लीग फ़ाइनल मुक़ाबले में यूवेंटस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मेस्सी पर अंकुश लगाने की ही होगी।

इसे भांपते हुए यूवेंटस के मैनेजर एम. अलेगरी ने कहा है- लियोनल मेस्सी को मार्क करना बेहद मुश्किल है, उनके लिए हमें शानदार ढंग से काम को अंजाम देना होगा।

मेस्सी के अलावा बार्सिलोना की टीम में नेमार और लुई सुआरेज जैसे दमदार स्ट्राइकर मौजूद हैं। इनकी तिकड़ी इस सीजन में अब तक खेले गए तमाम मुक़ाबलों में 120 गोल दाग चुकी है। यूवेंट्स की पूरी टीम ने इस सीजन में जितने गोल किए हैं। उससे 17 गोल ज़्यादा तो बार्सिलोना की इस तिकड़ी ने कर दिखाया है।

बर्लिन ओलिंपिक स्टेडियम में होने वाले मुक़ाबले में आंकड़े भी बार्सिलोना के पक्ष में हैं। यूवेंटस से हुए अब तक 6 मुक़ाबलों में बार्सिलोना का महज दो बार हार का सामना करना पड़ा है। वैसे दोनों टीमें एक दशक के बाद आमने-सामने होंगी, इसलिए दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुक़ाबले की उम्मीद की जा रही है। बार्सिलोना के डिफेंडर जेवियन मैस्केरानो के मुताबिक दोनों का प्रदर्शन पिछले दिनों जैसा ही रहा है।

वैसे इटालियन क्लब को खिताबी मुकाबले में अहम डिफेंडर जर्जियो कैलिनी की सेवा नहीं मिल पाएगी। चोट के चलते कैलिनी मैच से पहले बाहर हो गए हैं। कैलिनी के नहीं होने से लुइ सुआरेज के साथ उनकी टक्कर दोबारा नहीं होगी। सुआरेज ने वर्ल्ड कप के दौरान कैलिनी को दांत से काट लिया था, जिसके चलते उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ा था।

इन सबके अलावा ये दो जोरदार खिलाड़ियों की विदाई का मुक़ाबला भी बन गया है। बार्सिलोना के कप्तान जावी हर्नांडेज क्लब के लिए अपना आखिरी मैच खेलेंगे। लिहाजा टीम चौथी बार खिताब जीत कर उनको यादगार विदाई देना चाहेगी।

वहीं दूसरी ओर ये खिताबी मुक़ाबला आंद्रे पियर्लो का भी यूवेंट्स के लिए आखिरी मैच हो सकता है, जाहिर है वे यहां तीसरी बार चैंपियंस लीग खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
यूईएफए चैंपियंस लीग, चैंपियंस लीग फुटबॉल, लियोनेल मेस्सी, नेमार, लुई सुआरेज, बार्सिलोना, यूवेंट्स, Champions League Football, Lionel Messi, Neymar, Luis Suarez, Barcelona
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com