13वीं विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन 27 अगस्त से चार सितम्बर तक दक्षिण कोरिया के दाएगू में होगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
दाएगू:
13वीं विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन 27 अगस्त से चार सितम्बर तक दक्षिण कोरिया के दाएगू में होगा। इसमें 202 देशों के 1945 एथलीट एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करेंगे। इस चैम्पियनिशप में 26 स्पर्धाओं (महिला एवं पुरुष) में कुल 270 पदक दांव पर होंगे। जमैका के फर्राटा धावक उसैन बोल्ट, 110 मीटर बाधा दौड़ में ओलिंपिक चैम्पियन क्यूबा के डेरेन रोबोल्स और रूस की विश्व चैम्पियन पोलवॉल्टर येलेना इसिनबायेवा इस प्रतियोगिता में मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। भारत की ओर से इस चैम्पियनिशप में आठ सदस्यीय टीम हिस्सा ले रही है जिसका नेतृत्व विकास गौड़ा (चक्का फेंक) कर रहे हैं। भारतीय टीम गौड़ा के अलावा ओम प्रकाश सिंह (गोला फेंक), गुरमीत सिंह (20 किलोमीटर पैदल चाल), बाबूभाई पानूचा (20 किलोमीटर पैदल चाल), रंजीत महेश्वरी (तिहरी कूद), हरवंत कौर (चक्का फेंक), मयूखा जॉनी (लम्बी कूद और तिहरी कूद) और टिंटू लूका (800 मीटर) शामिल हैं। पिछले वर्ष नई दिल्ली में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेल और चीन के क्वांगचो में सम्पन्न हुए एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में विश्व चैम्पियनशिप में भी भारतीय खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन करने की उम्मीद की जा सकती है हालांकि इस चैम्पियनशिप में भारत का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। भारत को विश्व चैम्पियनशिप में अब तक केवल एक पदक नसीब हुआ है। वर्ष 2003 में पेरिस में आयोजित हुए नौंवी विश्व चैम्पियनशिप में अंजू बॉबी जॉर्ज ने लम्बी कूद में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत को कांस्य पदक दिलाया था। अंजू ने इस चैम्पियनशिप में 6.70 मीटर की छलांग लगाया था। इसके बाद से भारत की ओर से कोई भी खिलाड़ी पोडियम पर नहीं पहुंच पाया है। ओमप्रकाश ने पिछले महीने हंगरी मीट में 20.04 मीटर तक गोला फेंका था जबकि लूका ने हाल में बेल्जियम में संपन्न फ्लेंडर्स कप मीट में मौजूदा सत्र में 800 मीटर में अपना (2:01.75) सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर रजत पदक जीता था। मयूखा ने 6.56 मीटर की छलांग लगाते हुए एशियाई चैम्पियन बनने के साथ विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था जबकि तिहरी कूद में 14.11 मीटर की छलांग लगाकर उन्होंने क्वालीफिकेशन मार्क हासिल किया था। दूसरी ओर, विश्व रिकॉर्डधारी जमैका के बोल्ट पर सबकी नजरें होंगी। बोल्ट इस चैम्पियनशिप में 100 मीटर और 200 मीटर स्पर्धा का खिताब बरकरार रखने के इरादे से ट्रैक पर उतरेंगे। वर्ष 2009 में आयोजित बर्लिन विश्व चैम्पियनशिप में बोल्ट ने 100 मीटर और 200 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। महिला वर्ग में शैली-एन्न फ्रेजर 100 मीटर स्पर्धा में अपनी खिताब की रक्षा करने के इरादे से ट्रैक पर उतरेंगी वहीं ब्रिगिटी फोस्टर-हिल्टन भी 100 मीटर बाधा दौड़ में अपने खिताब बचाने उतरेंगी। विश्व रिकॉर्डधारी और पांच बार की विश्व चैम्पियन इसिनबायेवा भी इस प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र होंगी। इसिनबायेवा पोल वॉल्ट स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। इसिनबायेवा दो वर्ष बाद इस चैम्पियनशिप में उतरेंगी। इसिनबायेबा ने 2005 संस्करण में 5.01 मीटर के साथ विश्व रिकार्ड स्थापित किया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
एथलीट, श्रेष्ठता