विज्ञापन
This Article is From Apr 24, 2017

101 साल की इस भारतीय धाविका ने 100 मीटर दौड़ में वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स में जीता गोल्ड

101 साल की इस भारतीय धाविका ने 100 मीटर दौड़ में वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स में जीता गोल्ड
वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स की 100 मीटर फर्राटा दौड़ में मान कौर ने स्वर्ण पदक जीता
  • मान कौर ने 1 मिनट 14 सेकंड में रेस पूरी कर ली
  • 93 वर्ष की उम्र में मान कौर ने एथलेटिक्स शुरू की
  • बेटे ने उन्हें दी है ट्रेनिंग, कई प्रतियोगिताओं में ले चुकी हैं हिस्सा
ऑकलैंड: भारत की 101-वर्षीय धाविका मान कौर ने सोमवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स की 100 मीटर फर्राटा स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया. चंडीगढ़ की रहने वाली मान कौर स्पर्धा के 100 या अधिक आयु वर्ग में अकेली प्रतिस्पर्धी थीं और उन्होंने एक मिनट 14 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया.

टूर्नामेंट में बुधवार को वह 200 मीटर रेस में भी हिस्सा लेंगी. इसके अलावा मान कौर ने गोला फेंक और भाला फेंक स्पर्धाओं के लिए भी पंजीकरण करवाया है. बेटे गुरदेव सिंह से प्रशिक्षण प्राप्त मान कौर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं.

गुरदेव भी धावक हैं और कनाडा में रहते हैं. बेटे के प्रोत्साहन पर मान कौर ने 93-वर्ष की अवस्था से एथलेटिक्स शुरू की. वह पूरी दुनिया में होने वाले मास्टर्स गेम्स में 20 से अधिक पदक जीत चुकी हैं.

वेबसाइट 'टीवीएनजेड डॉट को डॉट एनजेड' की रिपोर्ट में मान कौर के हवाले से कहा गया है, 'मेरा बेटा जो भी करता हैं, मैं उसी का अनुसरण करती हूं. मैं अपने बेटे के साथ रोज अभ्यास करती हूं. खुद को फिट और स्वस्थ रखना मुझे पसंद है. मरते दम तक दौड़ती रहूंगी.'

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Man Kaur, 101 Year Old Athlete, World Masters Games, 100-Metre Sprint
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com