Commonwealth Games 2026: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पहले पांच दिन भारतीय वेटलिफ़्टर्स, पावरलिफ़्टर्स और एथलीट जयकारा लगाते रहे. तो, छठे दिन एथलीट और वेटलिफ़टर्स ने मेडल टैली की गर्माहट को ठंडा नहीं पड़ने दिया. SONY SPORTS से मिली जानकारी में अबतक भारत के 12 में से 7 मेडल भारतीय वेटलिफ़्टर्स के नाम रहे हैं. बड़ी बात ये भी रही कि 12 में से दोनों गोल्ड समेत आधे दर्जन मेडल भारतीय महिलाओं के नाम रहे हैं. अब मुक्के की बाज़ी है. छठे दिन कम से कम तीन बॉक्सर्स ने भी सेमीफ़ाइनल में पहुंचकर अपने नाम पदक पक्के कर लिए. ओलिंपिक पदक विजेता लवलीना पहले ही एक पदक की दावेदारी पेश कर चुकी हैं.
गर्मी होती तो गला सूखता- गुलवीर
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ज़िले के रहनेवाले गुलवीर सिंह को भारत के अबतक के बेहतरीन मिडिल और लॉन्ग डिस्टेंस रनर्स में से एक कहा जाता है और वो उसे बार-बार साबित करते रहे हैं. बारिश, ख़राब मौसम और गीले ट्रैक के बावजूद इंडियन आर्मी के 28 साल के नाइब सूबेदार गुलवीर ने 10,000 मीटर की दौड़ 27:49.78 (27 मिनट 49 दशमलव सात-आठ सेकेंड) में पूरी की और सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया. सर्वेश कुशरे के हाई जंप के बाद 10,000 मीटर के ज़रिये भारतीय एथलेटिक्स ने दूसरा सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया.
3000 मीटर से लेकर 25 किलोमीटर की रेस के लिए देश के 6 नेशनल रिकॉर्ड बनाने वाले और एशियन गेम्स 2022 में कांस्य पदक जीतनेवाले गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर में सिल्वर मेडल जीतकर कहा, “मैंने देश के लिए पहली बार जीता है. खेल मंत्रालय और भारतीय एथलेटिक्स संघ ने मुझे पूरी सुविधाएं दीं. लेकिन गुलवीर कहते हैं कि गर्मी होती तो गला सूखता. इस मौसम में मेरे लिए अच्छा हो गया.”
19 साल की हाई-जंपर पूजा ने दिखाया दम
कंपकंपाती ठंड, बारिश और गीले ट्रैक के बावजूद हरियाणा की 19 साल की पूजा सिंह 1.77 मीटर ऊंची छलांग लगाई. खराब कंडिशन्स ने अपना पहला कॉमनवेल्थ गेम्स खेल रहीं पूजा को उनके नेशनल रिकॉर्ड 1.93 मीटर से दूर रखा. फ़ाइनल में 1.77 मीटर छलांग लगाकर उन्होंने अपना दम ज़रूर दिखाया.
वेटलिफ़्टिंग का 7वां मेडल
पंजाब की 30 साल की कबड्डी प्लेयर से वेटलिफ़्टर बनीं हरजिंदर कौर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार दूसरी बार ना सिर्फ मेडल अपने नाम किया, बल्कि अपने मेडल का रंग भी बेहतर कर लिया. बर्मिंघम क़मनवेल्थ गेम्स 2022 में ब्रॉन्ज़ जीतनेवाली पंजाब के मेहास गांव की हरजिन्दर ने महिलाओं की 69 किलोग्राम वर्ग में कुल 227 किलो उठाकर रिकॉर्ड बनाया और सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया.
सिल्वर मेडल विजेता वेटलिफ़्टिर हरजिन्दर ने कहा, “मैंने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता है और मुझे इसका गर्व है. मैं इसे अपने परिवार को समर्पित करती हूं. सरकार और भारतीय एथलेटिक्स संघ का शुक्रिया जिन्होंने मुझे यहां तक पहुंचने में मेरी मदद की.”
महिलाएं मार रह हैं बाज़ी
भारतीय वेटलिफ़्टर्स ने अबतक 12 में से 7 मेडल अपने नाम कर लिये हैं. बड़ी बात ये भी है कि 12 में से दो गोल्ड के साथ 6 मेडल भारतीय महिलाओं के नाम हैं. भारतीय पुरुष एथलीटों के खाते में भी अबतक 12 में से 5 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज़ समेत कुल 6 पदक आये हैं.
अब बॉक्सर्स की बारी!
छठे दिन भारतीय बॉक्सर्स ने मेडल राउंड में जगह बनाने शुरू कर दिए. भारत के तीन बॉक्सर्स- प्रीति, प्रिया और जादुमणि सिंह ने अपने-अपने कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल जीते और सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत का मेडल पक्का कर लिया है.
भारत के मेडल: 12 पदक (2 गोल्ड, 7 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज़)
गोल्ड
1. मीराबाई चानू- GOLD – वेटलिफ़्टिंग
2. शर्मिला धनखड़- GOLD- पैरा शॉटपुट
सिल्वर
3. सर्वेश कुशारे- हाई-जंप - एथलेटिक्स
4. अजय बाबू- वेटलिफ़्टिंग
5. ऋषिकांत सिंह- वेटलिफ़्टिंग
6. राजा मुथापंडी- वेटलिफ़्टिंग
7. ज्ञानेश्वरी यादव- वेटलिफ़्टिंग
8. हरजिंदर कौर- वेटलिफ़्टिंग- आज
9. गुलवीर सिंह- 10,000मीटर- एथलेटिक्स- आज
ब्रॉन्ज़
10. बिंदियारानी देवी- वेटलिफ़्टिंग
11. झंडू कुमार- पैरा हैवीवेट पावरलिफ़्टिंग
12. शिल्पा शाइला- पैरा शॉटपुट
भारत के 12 मेडल
7 वेटलिफ़्टिंग
1 पैरा पावरलिफ़्टिंग
2 एथलेटिक्स हाई जंप और 10,000मीटर
2 पैरा शॉटपुट- एथलेटिक्स (Gold, Bronze)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं