विज्ञापन

तेलंगाना नगर निकाय चुनाव में 73% फीसद से ज्यादा मतदान, मामूली झड़पों के बीच फर्जी वोटिंग का भी आरोप

तेलंगाना नगर निकाय चुनाव में 73% से भी अधिक मतदान हुआ. करीमनगर और संगारेड्डी में मामूली झड़पों के बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा, नतीजे 13 फरवरी को आएंगे.

तेलंगाना नगर निकाय चुनाव में 73% फीसद से ज्यादा मतदान, मामूली झड़पों के बीच फर्जी वोटिंग का भी आरोप
कुछ पुलिस अधिकारियों पर फर्जी मतदाताओं की मदद करने का आरोप
  • तेलंगाना में नगर निकाय चुनावों में कुल 73.01 प्रतिशत मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.
  • चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे.
  • करीमनगर और संगारेड्डी में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच मामूली झड़पें हुईं.
हैदराबाद:

तेलंगाना में बुधवार को हुए नगर निकाय चुनावों में 73 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. कुछ स्थानों पर मामूली झड़पों को छोड़कर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने बताया कि 73.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. पुलिस महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी ने कहा, ‘‘मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.''

इन जगहों पर मामूली झड़पें

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने कहा कि प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. अधिकारियों ने बताया कि करीमनगर, संगारेड्डी और कुछ अन्य स्थानों पर मामूली झड़पें हुईं. पुलिस ने करीमनगर में बस स्टैंड क्षेत्र के पास मुख्य सड़क को अवरुद्ध करने की कोशिश कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया. ये कार्यकर्ता एक मतदान केंद्र पर कथित फर्जीवाड़े के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. इस घटना में भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आईं.

ये भी पढ़ें : ATM के बाहर खौफनाक लूट, हैदराबाद में व्यापारी पर फायरिंग, 6 लाख रुपये लेकर आरोपी फरार

फर्जी वोट डालने के आरोप

कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक टी जयप्रकाश रेड्डी, जिन्हें जग्गा रेड्डी के नाम से जाना जाता है, ने संगारेड्डी कस्बे में पुलिस से बहस करते हुए आरोप लगाया कि फर्जी वोट डाले जा रहे हैं. जग्गा रेड्डी ने कुछ पुलिस अधिकारियों पर फर्जी मतदाताओं की मदद करने का आरोप लगाया.

बीजेपी सांसद पर गाली-गलौज का आरोप

निजामाबाद में भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी पर पुलिस के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और भड़काऊ टिप्पणी करने और मना किए जाने के बावजूद मतदान केंद्र के अंदर जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. राज्य में 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों में दलीय आधार पर चुनाव हुए। चुनाव को सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की लोकप्रियता की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है. मतगणना 13 फरवरी को होगी.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
Agency
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Telangana Municipal Elections, Telangana Voting Turnout, 73 Percent Polling, Clashes In Telangana Polls, Karimnagar Lathicharge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com