- राजस्थान के सरकारी कैंसर अस्पतालों को सप्लाई किए गए महंगे इंजेक्शन में गंभीर खामियां पाई गईं
- जांच में इंजेक्शन में दवा की मात्रा मानक सैंपल से काफी कम मिली
- दो बैच में बैक्टीरिया की उपस्थिति मिली जो दवाओं के संक्रमित होने का संकेत है
राजस्थान के सरकारी कैंसर अस्पतालों को सप्लाई किए गए महंगे कैंसर इंजेक्शन के दिल्ली के कथित ब्लैक मार्केट में पहुंचने के मामले में जांच के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आई है. दिल्ली क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में जब्त किए गए इंजेक्शन के नमूनों की कंपनी स्तर पर जांच कराई गई. जांच में दोनों नमूनों की गुणवत्ता और संरचना को लेकर सवाल खड़े हुए हैं. मामला बीकानेर के आचार्य तुलसी रीजनल कैंसर इंस्टीट्यूट से जुड़ा है, जहां मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले Avelumab इंजेक्शन की कथित तौर पर दिल्ली में अवैध बिक्री का मामला सामने आया था. इसके बाद राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी RMSCL ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की.
जांच में संक्रमित मिली दवा
जांच में सामने आया कि दो अलग-अलग बैच के वायल में दवा की मात्रा मानक रेफरेंस सैंपल से काफी कम थी. दोनों नमूनों में सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ भी पाया गया. इसके अलावा स्टेरिलिटी टेस्ट में दोनों सैंपल संक्रमित मिले.
AU052510 बैच के नमूने में जांच के दौरान E. coli बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली. वायल के रबर स्टॉपर पर पंचर के निशान और कैप पर खरोंच भी पाई गईं. लैब जांच में Avelumab की मौजूदगी तो मिली, लेकिन इसकी मात्रा रेफरेंस उत्पाद की तुलना में काफी कम थी. अन्य रासायनिक घटकों की मात्रा में भी बड़ा अंतर सामने आया.
वहीं AU055861 बैच के नमूने में Serratia marcescens बैक्टीरिया मिला. इस वायल में भी Avelumab की मात्रा मानक सैंपल से कम पाई गई. जांच में इसके रासायनिक घटकों की मात्रा में भी अंतर सामने आया.
2770 सरकारी सैंपल की जांच
मामला सामने आने के बाद RMSCL ने एहतियाती कदम उठाते हुए सरकारी सप्लाई की जांच शुरू कर दी है. फील्ड में भेजे गए करीब 2770 इंजेक्शन की जांच कराई जा रही है.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी अस्पतालों के लिए जारी की गई कैंसर की महंगी दवा आखिर दिल्ली के कथित ब्लैक मार्केट तक कैसे पहुंची? साथ ही यह भी जांच का विषय है कि सप्लाई चेन में कहीं इंजेक्शन के साथ छेड़छाड़ हुई या नहीं. मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
ये भी पढ़ें-: 5 स्टार होटल में बीवी-बच्चों के साथ 10 दिन की मस्ती, 5.74 लाख का बिल चुकाए बिना रफूचक्कर हुआ परिवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं