विज्ञापन

5 स्टार होटल में बीवी-बच्चों के साथ 10 दिन की मस्ती, 5.74 लाख का बिल चुकाए बिना रफूचक्कर हुआ परिवार

उदयपुर के एक मशहूर होटल में दिल्ली से एक परिवार 10 दिन ठहरा लेकिन चेक आउट के दिन बिल चुकाए बिना चलता बना.

5 स्टार होटल में बीवी-बच्चों के साथ 10 दिन की मस्ती, 5.74 लाख का बिल चुकाए बिना रफूचक्कर हुआ परिवार
उदयविलास होटल के मैनेजर ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है
Unsplash

राजस्थान में पर्यटन के लिए दुनियाभर में मशहूर उदयपुर में एक अजीब मामला सामने आया है. दिल्ली से एक परिवार झीलों की नगरी घूमने आया और उदयपुर के एक आलीशान होटल में 10 दिन जमकर मस्ती की. लेकिन, जब बिल देने की बारी आई तो पूरा परिवार लापता हो गया. बिल 5.74 लाख रुपए का आया था. होटल प्रबंधन ने इसके बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी का दावा है कि यह पैसे ट्रैवेल एजेंसी चुकाएगी, जबकि एजेंसी ने ऐसी कोई डील होने से इनकार कर दिया है.

क्या है पूरा मामला

उदयपुर शहर के अंबामाता थाना में शहर के 5 स्टार होटल उदयविलास में 10 दिन ठहरने के बाद बिल का भुगतान नहीं देने का एक परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. होटल के मैनेजर रविंद्र सिंह ने आरोपी युवक दिल्ली निवासी अनुराग यादव और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है.

एफआईआर में बताया गया है कि आरोपी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ 10 दिन तक होटल में रुका. लेकिन चेक आउट के समय 5.74 लाख रुपए का बिल भुगतान किए बिना चला गया.

ट्रैवल एजेंसी से बुकिंग का दावा

थाने के सब इंस्पेक्टर अजयराज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट में बताया कि 12 अगस्त को मेकर बाहा ट्रैवल एजेंसी ने ई-मेल के जरिए अनुराग यादव के ठहरने की बुकिंग कराई थी. अनुराग अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ 14 अगस्त से 23 अगस्त तक होटल में ठहरे थे. 

उन्होंने 10 दिनों तक होटल ठहरने के अलावा अन्य सुविधाओं का लाभ लिया. मंगलवार 25 अगस्त को वो चेक आउट कर रहे थे और उन्हें 5.74 लाख रुपए का बिल दिया गया. लेकिन, अनुराग यादव ने कहा कि ये पैसा ट्रैवल एजेंसी देगी. 

लेकिन जब ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया गया तो उसने बुकिंग के दौरान इस तरह की कोई डील होने से साफ इंकार कर दिया. पुलिस का कहना है कि इसके बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: कोटा में NEET छात्रा ने दी जान, छोटी बहन करती है JEE परीक्षा की तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Udaipur, Udaipur News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com