जयपुर में अजमेर रोड 200 फीट बाईपास पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में 3 बच्चों और पति की जान गंवाने वाली कैलाशी देवी के लिए स्पीकर ओम बिराल फरिश्ता बनकर आए. उन्होंने उनके परिजन से बात कर मदद का आश्वासन दिया. उन्होंने मृतक के बड़े भाई मीठालाल से फोन पर बातकर सांत्वना दी. कैलाशी देवी का मुफ्त इलाज और भरण-पोषण के लिए अनंता मेडिकल कॉलेज की ओर से हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के लिए कहा, जो पूरा जीवन मिलता रहेगा. पक्का घर बनवाया जाएगा.
ओम बिरला ने सीएम से की बात
ओम बिरला ने सीएम से फोन पर घटना की जानकार ली. राजसमंद विधायक को पीड़ित परिवार के पैतृक गांव पहुंचने और कलेक्टर को मां के इलाज और अन्य जरूरी चीजों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए.
राज्य सरकार ने 10 लाख रुपये की सहायता की
ओम बिरला ने कहा कि पीड़ित परिवार को केवल तत्काल राहत ही नहीं, बल्कि आगे के जीवन के लिए भी सहयोग मिलेगा. जनसहयोग से परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया जाएगा. साथ ही एक निजी अस्पताल के सहयोग से घायल महिला को आजीवन हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सहायता भी दी जा रही है.
ओम बिरला ने बच्चों की उठाई जिम्मेदारी
बातचीत के दौरान परिवार के दो अन्य बच्चों का भी जिक्र हुआ जो हादसे के समय घर पर थे. इनमें एक बच्चा दिव्यांग है. इस पर ओम बिरला ने दोनों बच्चों की पढ़ाई, पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया. लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में परिवार अकेला नहीं है. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि राहत और सहायता से जुड़े सभी कार्य संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पूरे किए जाएं.
सड़क हादसे में 3 बच्चों और पिता की मौत
मंगलवार को जयपुर के अजमेर रोड पर 200 फुट बाईपास के आगे ट्रॉला ने सड़क किनारे गुब्बारा बेचने वाले परिवार को कुचल दिया था. हादसे में तीन बच्चों और उसके पिता की मौत हो गई थी. मां कैलाशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसका इलाज जयपुर के एसएमएस अस्पताल में चल रहा है. उसकी जान बचाने के लिए दोनों पैरों को काटना पड़ा. मरने वाले बच्चों की पहचान रमेश (11), दीपक (8) और रतन (10) और इनके पिता चंद्र प्रकाश के रूप में हुई थी. परिवार राजसमंद के जैतपुरा का रहने वाला था. परिवार जयपुर में अजमेर रोड पर सड़क किनारे गुब्बारा बेचकर गुजर बसर कर रहे थे.
यह भी पढ़ें: जयपुर में ट्रॉला ने परिवार को कुचला, 4 की मौत; 3 बच्चों के उड़ गए चीथड़े; नाले में मिले बॉडी के पार्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं