सिंधिया रियासत काल की 400 साल पुरानी चोरी हुई तोप की तलाश में पुलिस राजस्थान पहुंच गई है. करौली में हिंडौन सिटी क्षेत्र के गांवड़ा मीणा में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया. शिवपुरी पुलिस से मिले इनपुट के बाद करौली पुलिस और भरतपुर की मैटल डिटेक्टर टीम ने जेसीबी की मदद से कई स्थानों पर खुदाई की. इस बीच सूत्रों के हवाले से पांचना बांध को लेकर गंभीर आशंकाएं भी सामने आई हैं. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि 15 जुलाई की रात करौली के गांव से करीब 15 लोग शिवपुरी पहुंचे गए थे. 18 जुलाई को शिवपुरी पुलिस ने इस मामले की सूचना करौली पुलिस को दी. अगले ही दिन 19 जुलाई को शिवपुरी एसपी ने संदिग्धों की लोकेशन गांवड़ा मीणा क्षेत्र से जुड़ी होने का इनपुट शेयर किया.
गांवड़ा मीणा में चला सर्च ऑपरेशन

सिंधिया राजघराने की तोप की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन
शिवपुरी पुलिस से मिले इनपुट के बाद हिंडौन सिटी पुलिस उपाधीक्षक मुनेश कुमार मीणा, हिण्डौन सदर थाना प्रभारी गिर्राज प्रसाद, सदर थाना पुलिस, भरतपुर की मैटल डिटेक्टर टीम और 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने गांवड़ा मीणा में संयुक्त अभियान चलाया. जेसीबी मशीनों से कई संदिग्ध स्थानों पर खुदाई कराई गई. पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और हर गतिविधि पर नजर रखी गई.
डिप्टी एसपी ने नहीं दिया स्पष्ट जवाब
करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी हिंडौन सिटी के पुलिस उपाधीक्षक मुनेश कुमार मीणा को सौंपी है. जब मीडिया ने अभियान और जांच से जुड़े सवाल पूछे तो डिप्टी मुनेश मीणा ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.
यह भी पढ़ेंः किरीट भाई ने खाटूश्याम के दरबार में मांगी माफी, बाबा श्याम पर टिप्पणी से भड़का था विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं