जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके में एक मां-बेटे को उनके ही 75 साल के पति और पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. जयपुर पुलिस ने मृतक जगदीश चौधरी की हत्या के आरोप में मृतक के बेटे सवाईराम जाट और मृतक की पत्नी सजना देवी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि मृतक, उसकी पत्नी और बेटे पर बहू की हत्या का आरोप था और वे जमानत पर बाहर थे. इसी बीच अब पति की हत्या हो गई है और इसका आरोप उसी की 70 साल की पत्नी और 40 साल के बेटे पर लगा है. पुलिस पूछताछ में हत्या के बारे में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा भी हुआ है.
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 3:35 बजे पुलिस को गोविंदपुरा थाना सांगानेर सदर इलाके में पानी की टंकी के पास एक बुजुर्ग के घायल हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एफएसएल टीम को बुलाया गया और मौके से साक्ष्य जुटाए गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया.
शराब को लेकर होता था विवाद
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बेटे सवाईराम जाट और उसकी पत्नी सजना देवी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. दोनों से पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
एसीपी भवानी सिंह के मुताबिक मृतक जगदीश चौधरी शराब पीने का आदी था. शराब पीने के बाद वह अपनी पत्नी और बेटे से गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा करता था. इसी वजह से परिवार में लगातार विवाद रहता था. पुलिस के अनुसार इसी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी बेटे और पत्नी ने बुजुर्ग की हत्या कर दी.
शव के किए टुकड़े
एडिशनल डीसीपी ललित शर्मा ने बताया की वारदात के बाद आरोपियों ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच छिपा दिया था. ये भी जानकारी सामने आई है कि बेटे ने 18 अगस्त की शाम पहले पिता का गला दबाया. जब उसे लगा कि पिता अभी जिंदा है तो उसने कुल्हाड़ी से वार किया. इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कुल्हाड़ी से गर्दन काटने का प्रयास किया जब नहीं काट पाया तो चाकू से धड़ और हाथ अलग करता रहा. पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ीं. मामले में आरोपियों से आगे पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें-: 'पैसा वापस करो' नई पीएम ई-बस में बैठे यात्री बोले; अजमेर में दूसरे ही दिन बैठी नई बस - Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं