विज्ञापन

पैलेट गन पीड़ित की FIR के लिए संसद मार्ग थाने पर धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी भी पहुंचीं

Rahul Gandhi News: राहुल गांधी शु्क्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे, उन्होंने यहां पुलिस से पैलेट गन मामले में अपडेट लिया है. उनके साथ साहिल लोचव भी थे, जिन्हें पैलेट गन से निकले छर्रे लगे थे.

राहुल गांधी (फाइल फोटो)
  • राहुल गांधी दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए हैं.
  • राहुल शुक्रवार सुबह थाने पहुंचे थे, उनके साथ छात्र साहिल लोचाब भी थे.
  • साहिल लोचाब जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए थे.
नई दिल्ली:

राहुल गांधी शुक्रवार की सुबह अचानक दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे. उनके साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचव भी थे. राहुल गांधी पैलेट गन चलाने में कथित तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वहां पहुंचे थे. राहुल गांधी के करीबी सूत्रों का कहना है कि पुलिस साहिल की FIR दर्ज नहीं कर रही है. ऐसे में राहुल साहिल और उनके परिजनों के साथ थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए.  

राहुल गांधी धरने पर बैठे 

राहुल गांधी पहले थाने पहुंचे और डीसीपी से जानकारी ली थी, दोनों के बीच 40 से 45 मिनट तक बातचीत हुई थी. इसके बाद वह धरने पर बैठ गए. बताया जा रहा है कि राहुल के साथ साहिल ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें पैलेट गन कैसे लगी थी. लेकिन दिल्ली पुलिस की तरफ से पैलेट गन से घायल व्यक्ति के मामले में FIR दर्ज करने से इनकार करने के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर ही थरने पर बैठ गए. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने साहिल के साथ थाने पहुंचने का अपना प्रोग्राम बेहद सीक्रेट रखा था. इस मामले की जानकारी कांग्रेस के दूसरे नेताओं को भी नहीं थी. वह अकेले ही साहिल के साथ अचानक से थाने पहुंचे थे. बाद में उनके जब थाने पहुंचने की जानकारी दूसरे कांग्रेस के नेताओं को लगी तो वह भी यहां पहुंचना शुरू हो गए.  

जब तक FIR दर्ज नहीं होगी तब तक नहीं हटेंगे: राहुल गांधी

धरने के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा पुलिस से बस इतना ही कहना चाहता हूं कि साहिल के पैलेट गन मामले में FIR दर्ज होनी चाहिए. जब तक FIR दर्ज नहीं होती है, तब तक हम यहां से नहीं हटेंगे. राहुल गांधी का कहना है कि हम इस परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं. 20 जुलाई को पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ था, इसलिए FIR दर्ज क्यों नहीं की जा रही है.  

प्रियंका गांधी भी पहुंचीं

राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी संसद मार्ग थाने पर पहुंच गई हैं. प्रियंका भी राहुल के साथ धरने पर बैठक गई हैं. धीरे-धीर यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है. ऐसे में पुलिस बल भी अब बढ़ाया जा रहा है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता अब धरने पर बैठ चुके हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का कहना है कि जब तक पैलेट गन मामले में साहिल की एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती तब तक वह धरने पर बैठेंगे. राहुल गांधी के साथ साहिल और उसकी मां भी धरने पर बैठी हुई है. उनके साथ कांग्रेस की सांसद कुमारी शैलजा भी हैं. जबकि सीनियर नेता सलमान खुर्शीद भी यहां पहुंच गए हैं. रणदीप सुरजेवाला समेत कांग्रेस के कई और सीनियर नेता भी यहां मौजूद हैं. राहुल गांधी के पहुंचने के बाद भीड़ बढ़ना भी  शुरू हो गई है, जिसके बाद पुलिस बल भी तैनात किया गया है. राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं. 

राहुल गांधी को DCP ने दी जानकारी 

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी को DCP ने भी जानकारी दी है. उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में पैलेट गन मामले की जांच की जा रही है. कमेटी सभी मामलों की जांच कर रही है. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आर सुभाष रेड्डी को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है. जिसमें पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस रवि शंकर झा, सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर ऋषि कुमार शुक्ला, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जज जस्टिस शलिंदर कौर और मेघालय के रिटायर्ड डीजीपी डॉ. एलआर बिश्नोई भी शामिल हैं, उन्हीं की निगरानी में जांच हो रही है. यह जानकारी देने के साथ राहुल गांधी से पुलिस ने यह भी कहा है कि पुलिस थाने में बहुत से फरियादी आते हैं, ऐसे में यहां धरने पर न बैठा जाए. राहुल गांधी से नई दिल्ली इलाके की ज्वाइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने बातचीत की है, उनके साथ डीसीपी नई दिल्ली सचिन शर्मा भी थे.

Latest and Breaking News on NDTV

राहुल गांधी ने लिया कार्रवाई का अपडेट 

दरअसल, राहुल गांधी साहिल लोचव को अपने साथ लेकर थाने पहुंचे और उन्होंने यहां पुलिस स्टेशन में इस बात का अपडेट लिया कि पैलेट गन मामले में अब तक क्या एक्शन हुआ है. पुलिस की तरफ से क्या कार्रवाई की गई है, राहुल गांधी के सूत्रों के मुताबिक फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. इस मामले में वह प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं. बता दें कि यह मामला दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़ा है. जिसमें 19 साल के साहिल लोचा घायल हो गए थे. ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मामले में पूरी तरह से एक्टिव नजर आ रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

राहुल गांधी ने DCP से ली जानकारी 

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने थाने में DCP कुछ खास बातों की जानकारी मांगी है. जिसमें पूछा गया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया? राहुल ने यह भी कहा कि उनके पास पैलेट गन के इस्तेमाल के पर्याप्त सबूत हैं, 20 जुलाई को पुलिस ने छात्रों के खिलाफ हुई पैलेट गन मामले में क्या कार्रवाई की गई है. राहुल गांधी इस मामले में मीडिया से बातचीत कर सकते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

साहिल ने राहुल गांधी से किया था संपर्क 

दरअसल, साहिल लोचाब ने दिल्ली पुलिस से एफआईआर की मांग की थी. लेकिन उनका कहना था कि बीते दिनों वो अपने वकील के साथ इस घटना की FIR दर्ज करवाने थाने गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी. ऐसे में उन्होंने राहुल गांधी से संपर्क किया था. इसके बाद राहुल पहले मंदिर मार्ग थाने और फिर डीसीपी के दफ्तर पहुंचे. इससे पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद साहिल ने दस जनपथ पर राहुल गांधी से मुलाकात की थी और राहुल गांधी उन्हें मीडिया के सामने लाए थे. 

कौन हैं साहिल लोचव

दरअसल, 19 साल के साहिल लोचव छात्र हैं. वह दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के रहने वाले हैं. 20 जुलाई को जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन हुआ था. तब प्रोटेस्ट के दौरान पैलेट गन से उन्हें चोट लगी थी. उनके दाहिनी आंख की रोशनी पर असर हुआ था. साहिल की सर्जरी भी हुई थी. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद साहिल ने राहुल गांधी से संपर्क किया था. साहिल दिल्ली विश्वविद्यालय से स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के छात्र भी हैं. 

ये भी पढ़ेंः क्या सरकार ने खुला रखा है परिसीमन विधेयक पर विशेष सत्र का विकल्प?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Rahul Gandhi News, Pellet Gun Delhi Protest, Delhi Police Pellet Gun, Rahul Gandhi Delhi Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com