विज्ञापन

बीमा रकम के लालच में अपनों ने ही रचा खूनी खेल, सगे भाई ने साथियों संग हत्या कर बताया एक्सीडेंट

भाई ने साथियों के साथ मिलकर 4-5 महीने पहले साजिश रची. उसने पहले मोटी रकम की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां करवाईं. फिर बाद में हत्या करने के बाद एक्सीडेंट दिखाने के लिए उसे चलती मोटरसाइकिल से धक्का दे दिया और बाइक भी पास में गिरा दी.

बीमा रकम के लालच में अपनों ने ही रचा खूनी खेल, सगे भाई ने साथियों संग हत्या कर बताया एक्सीडेंट
राजस्थान: बीमा रकम के लालच में अपनों ने ही रचा खूनी खेल

राजसमंद के देवगढ़ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर केवल बीमा राशि हड़पने की लालच में अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी. इसके बाद हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की. हालांकि, पुलिस ने उसके मंसूबे पर पानी फेरते हुए अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस खुलासे को असल मायने में बगड़ ग्राम वासियों की बड़ी जीत माना जा रहा है. 

4-5 महीने पहले रची थी हत्या की साजिश

ग्रामीणों ने पिछले 20 दिनों से न्याय के लिए गांव से लेकर राजसमंद जिला मुख्यालय तक लगातार दौड़ लगाई और पुलिस प्रशासन पर निष्पक्ष जांच का दबाव बनाए रखा. आज जब इस मामले का खुलासा हुआ तो पूरे बगड़ गांव की आंखें नम हो गईं. ग्रामीणों का कहना है कि यह उनकी एकजुटता का परिणाम है कि अपराधी पकड़े गए और अब 24 गांवों के क्षेत्र में भविष्य में कोई भी ऐसा घृणित कार्य करने की हिम्मत नहीं करेगा. 

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दूध सिंह उर्फ दिनेश सिंह ने अपने भाई देवी सिंह की हत्या की साजिश करीब 4-5 महीने पहले ही रच ली थी. उसने देवी सिंह के नाम पर मोटी रकम की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां करवाईं. होली पर जमीन की रजिस्ट्री कराने का बहाना बनाकर उसने देवी सिंह को गुजरात से घर बुलाया और फिर उसे रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया.

हत्या के बाद एक्सीडेंट की दर्ज कराई रिपोर्ट

6 मार्च 2026 को आरोपियों ने देवी सिंह को विश्वास में लेकर शराब पिलाई और उसका मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिया. सुनसान रास्ते पर ले जाकर आरोपियों ने देवी सिंह के सिर पर पत्थर से वार किए. हत्या को एक्सीडेंट दिखाने के लिए उन्होंने लहूलुहान देवी सिंह को कुण्डेली रोड पर चलती मोटरसाइकिल से धक्का देकर पटक दिया और बाइक भी पास में गिरा दी. ताकि यह सामान्य सड़क दुर्घटना लगे. अगले दिन आरोपी दूध सिंह ने खुद थाने जाकर एक्सीडेंट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस की जांच के दौरान लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाला गया तो भाई का ही झूठ सामने आ गया. 

मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का सगा भाई व मुख्य साजिशकर्ता दूध सिंह उर्फ दिनेश सिंह (27), बडावास बग्गड निवासी भगवान सिंह (26), गणेशपुरा रावली (ब्यावर) निवासी सुरेन्द्रसिंह (29) और मील का पट्टा (भीम) निवासी टीकम सिंह (30) शामिल हैं. 

यह भी पढ़ें-

राजस्थान: पूरे परिवार ने एक साथ लगाई फांसी, महिला और बेटी की मौत; पति गया था बाहर

बीकानेर में स्पा की आड़ में चल रहा था 'गंदा खेल', बीच सड़क पर कार के पास हो रहा था सौदा; तभी पहुंच गई पुलिस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Crime News, Rajsamand News, Rajsamand Crime News, Rajsamand Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com