Most Fuel Efficient Diesel SUV: भारतीय SUV खरीदारों के बीच डीजल इंजनों का एक अलग ही क्रेज रहता है. इसका कारण है इनका दमदार लो-एंड टॉर्क और शानदार माइलेज, जिससे लंबी दूर भी काफी कम कम दाम में पूरी हो जाती है. हालांकि, पिछले कुछ सालों में कड़े होते जा रहे एमिशन नॉर्म्स के कारण भारतीय बाजार में डीजल गाड़ियों की बिक्री काफी कम हुई है, और अब केवल कुछ ही कार कंपनियां डीजल SUV ऑफर कर रही हैं. अगर आप भी इस त्योहार अपने लिए एक सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली मिडसाइज डीजल SUV खरीदने की सोच रहे हैं, तो हमने ARAI माइलेज के आंकड़ों के आधार पर देश की सबसे बजट-फ्रेंडली डीजल गाड़ियों की एक लिस्ट तैयार की है.
Hyundai Creta: माइलेज के मामले में सबसे आगे
इस लिस्ट में पहले पायदान पर देश की सबसे चहेती SUV Hyundai Creta ने अपना कब्जा जमाया है. क्रेटा को उसी प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है जिस पर किया सेल्टोस बनती है, और ये दोनों गाड़ियां एक ही इंजन शेयर करती हैं. इसमें 1.5-लीटर का चार-सिलेंडर टर्बो-डीजल इंजन मिलता है जो 116hp की पावर जनरेट करता है. हालांकि, हुंडई ने इसके इंजन को इस तरह ट्यून किया है कि 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ ये सेल्टोस के मुकाबले 1.1 kmpl का ज्यादा माइलेज (21.80 kmpl) देती है. वहीं, इसके 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक वेरिएंट का माइलेज 19.1kpl है. डीजल क्रेटा की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.68 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 20.41 लाख रुपये तक जाती है.
यह भी पढ़ें | 449 KM रेंज, पैनोरमिक सनरूफ, कीमत बस 4.69 लाख से शुरू, बेस्ट और बजट-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक कारें
Kia Seltos: लुक्स और माइलेज का परफेक्ट कॉम्बो
अपनी मॉडर्न स्टाइलिंग के कारण युवाओं की पहली पसंद रहने वाली Kia Seltos इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आती है. इस SUV में भी वही 1.5-लीटर का डीजल इंजन लगा है जो क्रेटा में मिलता है. इसके 6-स्पीड मैनुअल वेरिएंट का एआरएआई-सर्टिफाइड माइलेज 20.70 kmpl है, जो कि इसके बड़े साइज के हिसाब से बेहद शानदार है. वहीं अगर आप ट्रैफिक की झंझट से बचने के लिए इसका 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक वेरिएंट चुनते हैं, तो वहां आपको 19.1 kmpl का माइलेज मिलता है. ये गाड़ी अपने शानदार फीचर्स और रिफाइंड इंजन के दम पर ग्राहकों को एक प्रीमियम ड्राइविंग एक्सपीरियंस देती है.
Mahindra XUV700: ताकत के साथ बेहतरीन बचत
महिंद्रा की बेहद पॉपुलर 7-सीटर SUV Mahindra XUV700 पावर और माइलेज का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करती है. इस गाड़ी में कंपनी ने एक बहुत ही दमदार 2.2-लीटर का चार-सिलेंडर mHawk टर्बो-डीजल इंजन दिया है, जो 185hp की जबरदस्त पावर जनरेट करता है. इस बड़े इंजन के साथ भी ये SUV कमाल की बचत करने में सक्षम है, जहां इसके 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स वाले मॉडल का माइलेज 17 kmpl है. वहीं, इसके 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ ये गाड़ी 16.57 kmpl का माइलेज देती है. अपने सेगमेंट की सबसे पावरफुल गाड़ी होने के बावजूद इसका इतना शानदार माइलेज वाकई काबिले-तारीफ है.
Tata Harrier: दमदार रोड प्रेजेंस और मजबूत सेफ्टी
टाटा मोटर्स की मस्कुलर SUV Tata Harrier अपनी मजबूती और जबर्दस्त रोड प्रेजेंस के लिए जानी जाती है. साल 2019 से बाजार में मौजूद इस 5-सीटर SUV को कंपनी ने साल 2023 के अंत में एक बहुत बड़ा फेसलिफ्ट अपडेट दिया था. हैरियर में 2.0-लीटर का चार-सिलेंडर टर्बो-डीजल इंजन मिलता है जो 170hp की पावर जनरेट करता है. ट्रांसमिशन की बात करें तो ये 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक दोनों ही गियरबॉक्स के ऑप्शन्स में उपलब्ध है, और खास बात ये है कि इन दोनों ही वेरिएंट्स में आपको एक बराबर यानी 16.8 kmpl का माइलेज मिल जाता है.
यह भी पढ़ें | बस 2 घंटे में दिल्ली से पटना.. आ गई सबसे तेज इलेक्ट्रिक कार, टॉप स्पीड 500 Km/h पार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं