राजस्थान में स्वाइन फ्लू (H1N1) का खतरा तेजी के साथ बढ़ रहा है. बीते कुछ महीने में स्वाइन फ्लू के मामले अचानक से बढ़ हैं. अगस्त महीने में राज्य में स्वाइन फ्लू के 55 नए मरीज मिले हैं, जो इस साल किसी एक महीने में दर्ज सबसे अधिक संख्या है. इसके साथ ही जनवरी से अब तक प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 146 पहुंच गई है. स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि दिल्ली सहित अन्य राज्यों में बढ़ते मामलों को देखते हुए विभाग पूरी निगरानी रख रहा है और सभी चिकित्सा संस्थानों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
जनवरी से अब तक 146 केस
अधिकारियों के अनुसार, नए मामलों के साथ राज्य में जनवरी 2026 से अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 146 मामले सामने आ चुके हैं. सरकार की ओर से कहा गया कि कुछ राज्यों, खासकर दिल्ली में H1N1 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए विभाग स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों को स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
किस महीने में कितने केस
जनवरी- 2 केस
- फरवरी- 3 केस
- मार्च- 20 केस
- अप्रैल- 22 मामले
- मई- 25 केस
- जून- 14 केस
- जुलाई- 5 मामले
- अगस्त- 55 केस
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने स्वाइन फ्लू के केस के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में H1N1 के किसी नए या अधिक घातक स्ट्रेन (स्वरूप) के फैलने की पुष्टि नहीं हुई है. आईसीएमआर (ICMR) के अनुसार, वर्तमान में प्रसारित वायरस पहले से ही सक्रिय है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
स्वाइन फ्लू के क्या लक्षण हैं?
उन्होंने हालांकि कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना महत्वपूर्ण है. H1N1 या स्वाइन फ्लू एक श्वसन संक्रमण है. इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान शामिल हैं. उन्होंने कहा कि उचित देखभाल और चिकित्सकीय सलाह से अधिकांश मरीज ठीक हो जाते हैं. हालांकि, छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों में जटिलताओं का जोखिम अधिक रहता है.
यह भी पढे़ं- H1N1 Virus Alert: किन लोगों को स्वाइन फ्लू में ICU तक पहुंचने का खतरा ज्यादा? डॉक्टर ने बताए 5 बड़े कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं