विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: BJP मेनिफेस्टो में महिलाओं के लिए 1.5 लाख, गांव में इंटरनेट, 1 करोड़ के फंड़ सहित कई बड़े वादें

संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए राजस्थान महिला निधि के माध्यम से लखपति दीदियों को 1.5 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर 1.5 लाख रुपये तक का ऋण देने और 25 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में लाने के प्रयास करने की घोषणा की गई है.

राजस्थान पंचायत चुनाव: BJP मेनिफेस्टो में महिलाओं के लिए 1.5 लाख, गांव में इंटरनेट, 1 करोड़ के फंड़ सहित कई बड़े वादें
राजस्थान पंचायत चुनाव के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी करते सीएम भजनलाल शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता.
NDTV
  • राजस्थान में 22 अक्टूबर से 16 नवंबर तक 4 चरणों में पंचायत चुनाव होंगे, जिसके लिए BJP ने संकल्प पत्र जारी किया.
  • भाजपा ने किसानों को PM किसान सम्मान निधि के तहत सालाना 12 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है.
  • हर ग्राम पंचायत में पेयजल कनेक्शन, स्वास्थ्य सुविधाएं और दिन में कृषि के लिए बिजली उपलब्ध कराने का वादा है.
जयपुर:

राजस्थान में 22 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों पंचायत चुनाव होना है. इसके लिए भाजपा ने रविवार को घोषणा पत्र जारी किया है. BJP के 'ग्राम विकास संकल्प पत्र' में बेघरों के लिए पक्का मकान, गांव में ओपन जिम, पंचायत स्तर पर विकास के लिए हर साल एक करोड़ रुपए के फंड सहित कई बड़े वादे किए गए हैं. यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि यह पहला मौका है जब पंचायत चुनाव के लिए बीजेपी ने घोषणा पत्र जारी किया हो.

किसानों को 12 हजार की वित्तीय सहायता

इस संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 12,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने, अगले पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने और हर पंचायत में उच्च माध्यमिक विद्यालय की सुविधा सुनिश्चित करने का वादा किया गया.

बिजली, पानी, हेल्थ पर भी फोकस

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संकल्प पत्र जारी किया. राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 22 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों में होंगे. संकल्प पत्र में सभी जिलों में कृषि कार्यों के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने, प्रत्येक ग्रामीण परिवार को पेयजल कनेक्शन देने और हर ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का वादा किया गया.

किराए पर कृषि उपकरण देने वाले केंद्र

भाजपा ने गेहूं को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बोनस के साथ 2,700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने तथा चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक ग्राम पंचायत में कृषि उपकरण किराये पर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र स्थापित करने की घोषणा की. पार्टी ने 19,000 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण पर 9,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3,000 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराने का भी वादा किया.

महिलाओं को 1.5 लाख का लोन

संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए राजस्थान महिला निधि के माध्यम से लखपति दीदियों को 1.5 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर 1.5 लाख रुपये तक का ऋण देने और 25 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में लाने के प्रयास करने की घोषणा की गई है. इसके अलावा पात्र विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की मासिक पेंशन बढ़ाकर 1,500 रुपये करने और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सहायता राशि 5,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये करने का वादा किया गया है.

हर पंचयात में इंटरनेट, डिजिटल लाइब्रेरी भी

संकल्प पत्र में प्रत्येक ग्राम पंचायत में इंटरनेट सुविधा, डिजिटल पुस्तकालय और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने वाले अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई है. इसके साथ ही 15,000 स्कूल भवन, 35,000 अतिरिक्त कक्षाएं और 20,000 शौचालय बनाने का वादा किया गया है.

ऊंट संरक्षण के लिए 100 करोड़ रुपए का मिशन

भाजपा ने 20,000 डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करने, ऊंट संरक्षण एवं विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का मिशन शुरू करने और एक लाख जल संग्रहण संरचनाएं बनाने की घोषणा भी की. पार्टी ने राज्य की सभी 14,403 ग्राम पंचायतों को मजबूत करने और करीब 3,600 नवगठित ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर बुनियादी ढांचा, कर्मचारी तथा डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया है.

सीएम ने जारी किया संकल्प पत्र

संकल्प पत्र जारी करने से पहले मुख्यमंत्री शर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नवनिर्मित सेवा संकल्प सभागार का उद्घाटन किया. इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया और संगठन महामंत्री अजय कुमार सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

यह भी पढ़ें - घर में शौचालय नहीं तो नहीं लड़ पाएंगे राजस्थान पंचायत चुनाव, पढ़ाई और बच्चे को लेकर क्या शर्त? जान लें नियम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Panchayat Election, Rajasthan Panchayat Election 2026, Rajasthan Panchayat Election 2026 Date, BJP Sankalp Patra, Rajasthan BJP Campaign
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com