राजस्थान में निकाय चुनाव के बीच कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बीते 1 सितंबर से भाजपा के पार्षद प्रत्याशी लापता थे. पुलिस की तमाम कोशिश के बाद भाजपा प्रत्याशी आखिरकार शुक्रवार को सकुशल मिल गए हैं. लापता भाजपा के पार्षद प्रत्याशी सकुशल मिल गए हैं. एसएचओ भजनाराम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के अपहरण या दबाव की पुष्टि नहीं हुई है, वे लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे. हालांकि, प्रत्याशी के बेटे राहुल चौधरी ने पुलिस के दावों पर सवाल उठाते हुए जांच को लेकर असंतोष जताया है.
बेटे ने गुमशुदगी की दर्ज कराई थी रिपोर्ट
दरअसल, कोटपूतली जिले में प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम चौधरी 1 सितंबर से लापता था. बुधराम के लापता होने के बाद उनके बेटे राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच टीमें गठित की थीं.
अलग-अलग लोकेशन बदलती रही
पुलिस के अनुसार, उनकी लोकेशन कभी बहरोड़, कभी कोटपूतली, दिल्ली और अलवर में सामने आई. इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें दिल्ली के धौला कुआं से दस्तयाब किया. SHO ने बताया कि बुधराम को सकुशल अवस्था में बरामद किया गया है और उनका स्वास्थ्य थोड़ा खराब है. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार के अपहरण या दबाव का मामला सामने नहीं आया है. वहीं, बुधराम के बेटे राहुल चौधरी ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि नहीं जताई है.
पुलिस बोली- मर्जी से गए थे
उनका कहना है कि पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि बुधराम अपनी मर्जी से गए थे, लेकिन सवाल यह है कि कोई व्यक्ति अपनी मर्जी से आखिर क्यों जाएगा? बेटे ने पूरे मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं. भाजपा प्रत्याशी बुधराम के लापता होने के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया था. 48 घंटे से अधिक समय तक उनका सुराग नहीं मिलने पर वार्ड 32 से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश देवी अपने पति मेहर सिंह और बेटे के साथ प्रागपुरा थाने में धरने पर बैठ गई थीं.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर भी थाने पहुंचे थे और पुलिस से भाजपा प्रत्याशी को जल्द सकुशल तलाशने की मांग की थी. अब बुधराम के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम को लेकर उनसे पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस की जांच में अपहरण या किसी तरह के दबाव की पुष्टि नहीं हुई है. बुधराम के बयान और आगे की जांच के बाद उनके अचानक लापता होने की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं-
निकाय चुनाव में 17000 बागियों ने बिगाड़ा BJP-कांग्रेस का समीकरण, होगी कार्रवाई
बीजेपी की चूक से कांग्रेस को नगर निकाय चुनाव में पहले ही मिल गई जीत, दौसा में ऐसे पलट गया खेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं