विज्ञापन

खाटूश्यामजी जाने वाली रोडवेज बस में सवार थे 75 यात्री, 68 निकले बेटिकट, 26 लोगों की नौकरी गई

राजस्थान रोडवेज की बस में भारी संख्या में यात्रियों के बिना टिकट होने की सूचना पर हड़कंप मच गया. मामले में झालावाड़ डिपो के 26 'बस सारथियों' के खिलाफ एक्शन लिया गया है.

खाटूश्यामजी जाने वाली रोडवेज बस में सवार थे 75 यात्री, 68 निकले बेटिकट, 26 लोगों की नौकरी गई
झालावाड़ से खाटूश्यामजी जाने वाली रोडवेज बस में कई यात्री बिना टिकट पाए गए.

राजस्थान रोडवेज का झालावाड़ डिपो एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है. हाल के दिनों में राजस्व में कथित तौर पर गड़बड़ी और करोड़ों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है. इसी बीच, एक नया मामला बिना टिकट के भारी संख्या में यात्रियों से भरी बस का है. खाटूश्यामजी रूट पर संचालित रोडवेज बस में 75 में से 68 यात्रियों के बेटिकट मिलने के बाद रोडवेज प्रशासन सवालों के घेरे में है. सवाल इस बात को लेकर उठ रहा है कि आखिर यात्रियों से किराया वसूला गया या नहीं, और वसूला गया तो वह राशि गई कहां?

जयपुर की टीम ने पकड़ी खामी‎

‎जयपुर से पहुंची राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) की केंद्रीय फ्लाइंग टीम ने बस की आकस्मिक जांच की. जांच में सामने आया कि बस में यात्रा कर रहे अधिकांश यात्रियों के पास टिकट नहीं थे. इतनी बड़ी संख्या में बेटिकट यात्री मिलने के बाद रोडवेज मुख्यालय तक हड़कंप मच गया.

‎जांच रिपोर्ट मिलते ही झालावाड़ डिपो प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 26 कार्मिकों की सेवाएं समाप्त कर दीं. यातायात प्रबंधक पवन सैनी ने कहा कि यात्रियों को टिकट जारी करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में फ्लाइंग टीमों की निगरानी लगातार जारी रहेगी.‎

कंडक्टर की कमी के चलते कांट्रैक्ट पर लिए थे कार्मिक

‎जानकारी के अनुसार, वर्तमान में झालावाड़ डिपो में केवल 40 नियमित कंडक्टर कार्यरत हैं, जबकि 84 कंडक्टरों की जरूरत है. इसी वजह से 1 जुलाई से बस सारथियों को अनुबंध पर लगाया गया था, जिन्हें ₹12 हजार मासिक मानदेय दिया जा रहा था. ‎सहायक संभाग प्रबंधक नंदकिशोर ने बताया कि डिपो ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सिविल डिफेंस के करीब 50 जवानों को अनुबंध पर लेने का निर्णय लिया है. इन्हें रोडवेज बसों के संचालन में लगाया जाएगा और ₹24 हजार प्रतिमाह का भुगतान किया जाएगा.

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

खास बात यह है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. पिछले कुछ दिनों के भीतर ही दो बार ऐसी कार्रवाई हो चुकी है, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यह संकेत दिया है कि समस्या केवल कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे निगरानी तंत्र और जवाबदेही की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

यह भी पढ़ेंः पेपर लीक मामले में 5 हजार की इनामी कोमल मीणा गिरफ्तार, पौरव कालेर गैंग से है कनेक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Khatushyamji, Rajasthan Roadways
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com