फेस्टिव सीजन में फ्लाइट में सफर महंगा होता जा रहा है. घरेलू एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के बीच फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है. इंडिगो ने घरेलू उड़ानों में 375 रुपये से लेकर 1,300 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. 6 अक्टूबर की रात 12 बजे के बाद आपके लिए फ्लाइट का टिकट बुक करना महंगा हो जाएगा.
इंडिगो ने फ्यूल चार्ज बढ़ाने पर क्या कहा?
बताया गया कि लगातार बढ़ रही ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों के बीच इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है. इंडिगो के मुताबिक पिछले महीने ATF की कीमतों में 14% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है और कीमतें पिछले करीब एक दशक के ऊंचे स्तरों में पहुंच गई हैं. नए फ्यूल चार्ज 6 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की गई नई बुकिंग पर लागू होंगे.
कितना बढ़ जाएगा फ्यूल सरचार्ज?
- घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से 375 से 1,300 रुपये तक फ्यूल चार्ज लगेगा.
- वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज 1,000 रुपये से 10,000 रुपये तक लगेगा.
- यूरोप की उड़ानों के लिए सबसे ज्यादा 10,000 रुपये फ्यूल सरचार्ज तय किया गया है.
कितना महंगा हो जाएगा सफर?
- 500 किमी तक की उड़ान पर 375 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे
- वहीं 501 किमी से 1,000 किमी की दूरी के लिए आपको 600 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे
- 1,001–1,500 किमी की यात्रा के लिए फ्लाइट टिकट 900 रुपये महंगा हो जाएगा
- वहीं 1,501–2,000 किमी की यात्रा के लिए फ्लाइट में सफर 1,150 रुपये महंगा पड़ेगा
- 2,000 किमी से ज्यादा के हवाई सफर के लिए आपको 1,300 रुपये ज्यादा चार्ज देना होगा
इंडिगो एयरलाइन का कहना है कि जेट फ्यूल की कीमतें बढ़ने से फ्लाइट ऑपरेशन यानी उड़ानों का संचालन काफी ज्यादा महंगा हो गया है, लेकिन उसने यात्रियों पर असर कम रखने के लिए सीमित और संतुलित बढ़ोतरी की है.
एविएशन इंडस्ट्री का कहना है कि पश्चिम एशिया में जंग शुरू होने के बाद से देश में ATF की कीमतें, कच्चे तेल की कीमतों के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ी हैं. जानकारों के मुताबिक, कच्चे तेल को एटीएफ में बदलने की लागत में बड़ा बदलाव नहीं होने के बावजूद भारतीय रिफाइनरियों का जेट फ्यूल पर मार्जिन काफी बढ़ गया है.
अब चूंकि एटीएफ आमतौर पर किसी एयरलाइन के परिचालन खर्चों का करीब 40 प्रतिशत होता है, इसलिए जेट ईंधन की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी ने हवाई किराया बढ़ा दिया है और एयरलाइन को अब यात्रियों से 'फ्यूल सरचार्ज' लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें | ट्रेन में सीटें हुई फुल, छठ पर जाना है घर, जानिए किस तारीख को फ्लाइट है सबसे सस्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं