- एसीबी ने शास्त्री नगर थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.
- एएसआई हरदेवराम ने मारपीट मामले में जांच में मदद के बदले 50 हजार की रिश्वत मांगी थी.
- ASI परिवादी के घर रिश्वत की रकम लेने गया था, वही पर गिरफ्तार हो गया.
राजस्थान में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जोधपुर में एसीबी की टीम ने एक एएसआई को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. ACB द्वारा गिरफ्तार ASI ने मारपीट के एक मामले में मदद करने और आरोपियों के नाम निकालने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. ACB के बयान के अनुसार, परिवादी ने शिकायत की थी कि उसके पति के साथ मारपीट का मामला शास्त्री नगर थाने में दर्ज करवाया गया.
शास्त्री नगर थाने में तैनात है ASI
एसीबी ने बताया कि जोधपुर पुलिस आयुक्तालय के शास्त्री नगर थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया है. ACB के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के मुताबिक, परिवादी ने शिकायत की थी कि उसके पति के साथ मारपीट का मामला शास्त्री नगर थाने में दर्ज करवाया गया. शिकायतकर्ता के अनुसार, विरोधी पक्ष ने उसके पति और अन्य के खिलाफ इससे पहले ही मामला दर्ज करा दिया था और दोनों मामले की जांच ASI हरदेवराम कर रहा था.
मुकदमे में बचाने के लिए मांगी थी 50 हजार की रिश्वत
सहायक पुलिस उप निरीक्षक ने परिवादी के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने और उसके पति के साथ गए व्यक्ति (सुंडाराम) का नाम निकालने के नाम पर खर्चा पानी मांगा. जिस पर परिवादी ने पहले ही 5000 रुपये दे दिए. उसके बाद सूण्डाराम को एएसआई ने थाने बुलाकर परिवादी के पति व अन्य के खिलाफ दर्ज मुकदमें में मदद करने, दो लोगों का नाम निकालने की एवज में सीआई के लिये 50 हजार रुपये की मांग की.

आरोपी ASI हरदेवराम
Photo Credit: NDTV
परिवादी के घर जाकर ले रहा था रिश्वत
इसके बाद एसीबी की टीम ने रिश्वत की मांग का सत्यापन करवाया, जब रिश्वत की मांग सही पाए जाने पर ACB चौकी स्पेशल यूनिट जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को पुलिस निरीक्षक उमेश कुमार बिश्नोई व अन्य ने ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया. आरोपी ASI हरदेवराम परिवादिया के घर पर आकर 40 हजार रुपये की रिश्वत ली और अपने पैंट की जेब में रखते ही रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया गया. एसीबी की टीम मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं- पांचना बांध से 3 गेट खोल छोड़ा पानी, पर गंगापुर सिटी में क्यों नाराज हुए किसान? किया चक्का जाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं