राजस्थान में मॉनसून कमजोर पड़ने के कारण अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश की संभावना कम है. मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर सिस्टम बनेगा, जो धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. इसके प्रभाव से 12 और 13 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
अगले सप्ताह मॉनसून कि विदाई
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सिस्टम का असर मध्य प्रदेश और उससे सटे राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में ज्यादा देखने को मिल सकता है. मॉनसून की कमजोर गतिविधियों को देखते हुए अगले सप्ताह से प्रदेश में मॉनसून की विदाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. राजस्थान में मॉनसून विदाई की सामान्य तारीख 17 सितंबर मानी जाती है.
गर्मी और उमस का असर बना हुआ है
कम बारिश के चलते सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी प्रदेश में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है. मंगलवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सोमवार को भी श्रीगंगानगर में तापमान 38.9 डिग्री रहा, जबकि प्रदेश के 10 शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ.
पिछले 24 घंटे में हल्की बारिश
पिछले 24 घंटे में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. अलवर के प्रतापगढ़ में 2 MM, दौसा के निर्झरना में 3 MM, भरतपुर के जुरहरा में 11 MM और कामां में 10 MM बारिश दर्ज की गई. हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा और तेज धूप रही.
यह भी पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव: पहले चरण का मतदान आज, 57 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे नई सरकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं