नीट पेपर लीक मामले की जांच का मामला सिर्फ इस साल की प्रवेश परीक्षा तक सीमित नहीं रह गया है. सीबीआई जांच में साल 2025 की नीट परीक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए है. इसके बाद से पिछले साल की एग्जाम प्रक्रिया भी संदेह के घेरे में है. जांच का एंगल अब इस बात पर टिका हुआ है कि कहीं नीट-2025 का पेपर भी तो दिनेश और मांगीलाल तक नहीं पहुंच गया था. सीबीआई इन्वेस्टिगेशन में सामने आया है कि पिछले 2 वर्षों में दिनेश, मांगीलाल और उनके बड़े भाई घनश्याम के परिवार के 7 सदस्य नीट परीक्षा में शामिल हुए थे. इनमें से परिवार के 5 बच्चे एग्जाम पास करने में सफल रहे.
मुंबई-वाराणसी के मेडिकल कॉलेज में मिला एडमिशन
किसी का चयन मुंबई मेडिकल कॉलेज में हुआ तो किसी का वाराणसी में. एक ही परिवार के इतने सदस्यों का मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचना अब जांच एजेंसियों को भी चौंका रहा है. जांच में सामने आया है कि साल 2025 में मांगीलाल का बेटा विकास नीट परीक्षा पास कर सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचा. मांगीलाल की बेटी प्रगति का चयन दौसा मेडिकल कॉलेज में हुआ. दिनेश की बेटी गुंजन, घनश्याम की बेटी पलक और सानिया का भी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है. पड़ताल में सामने आया है कि परिवार के छात्र 10वीं और 12वीं में औसत स्टूडेंट थे और फिर नीट पास कर गए. यही वजह है कि जांच की सुई अब परिवार के कई सदस्यों पर टिक गई है.
सवाल- 12वीं में 55%, नीट-2025 में 85.11 परसेंटाइल कैसे?
विकास के 10वीं में 63 फीसदी और 12वीं में 55 फीसदी अंक थे. नीट-2024 में उसे 720 में से केवल 270 नंबर मिले थे. सीकर की कोचिंग में जो 46 टेस्ट हुए, उसमें भी औसत महज 384 नंबर का था. इसके बावजूद नीट-2025 में उसने 85.11 परसेंटाइल हासिल की. कुछ ऐसा ही रिकॉर्ड प्रगति का भी है. उसके 10वीं में 69 प्रतिशत और 12वीं में 91 प्रतिशत अंक के बाद नीट-2024 में 332 नंबर मिले थे. कोचिंग टेस्ट में उसका औसत करीब 302 नंबर रहा. जबकि नीट-2025 में उसने 89.08 परसेंटाइल हासिल की.
पलक का परसेंटाइल 98 के भी पार
गुंजन के 12वीं में 70 फीसदी अंक के बाद 2024 की मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 355 नंबर थे. अगले साल हुई परीक्षा में शानदार अंक हासिल कर 92.53 परसेंटाइल स्कोर किया. सानिया का 94.07 और पलक का स्कोर भी 98.61 परसेंटाइल रहा. जांच में यह भी सामने आया है कि इस बार विकास के चचेरे भाई ऋषि बिवाल के लिए भी पेपर खरीदा गया था. ऋषि 12वीं में ग्रेस मार्क्स के सहारे पास हुआ था. उसके 12वीं में करीब 50 प्रतिशत और 10वीं में 43.67 प्रतिशत अंक थे.
दिनेश के सोशल मीडिया पोस्ट से भी हलचल
इस साल परिवार के दो अन्य सदस्य दिनेश के बेटे ऋषि और मांगीलाल के बेटे अमन ने भी परीक्षा दी थी, लेकिन आंसर-की के आधार पर दोनों के करीब 105 से 110 अंक ही बन रहे थे. वहीं, एक सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में आ गया है, जिसे खुद दिनेश ने 6 नवंबर 2025 को शेयर किया था. कोचिंग संस्थान के इस पोस्टर को शेयर करते हुए दिनेश बिवाल ने 5 बच्चों के एमबीबीएस में चयन की जानकारी दी थी. सीकर के दीप करियर इंस्टीट्यूट ने भी गुंजन, सानिया और पलक की सफलता को प्रचारित किया.
टेलीग्राम-इंस्टाग्राम के 122 अकाउंट्स की होगी भी जांच
एनटीए ने भी टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर पेपर लीक के नाम पर चल रहे 122 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित कर कार्रवाई की थी. साइबर क्राइम एजेंसियों ने भी इसे छात्रों से ठगी और अफवाह फैलाने वाला स्कैम बताया था. उस समय मामला शांत हो गया था. लेकिन अब एक बार फिर चर्चाएं तेज हैं. एजेंसियां इन सभी के परीक्षा रिकॉर्ड, नंबर, परीक्षा केंद्र, संपर्क और कथित नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़ेंः NEET पेपर लीक में फंसे दो भाईयों का परिवार CBI के रडार पर, साधारण से बने करोड़पति... विकास के नाम 3 कॉलोनियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं