NDTV के इस विशेष जयपुर लाइव पन्ने (Jaipur LIVE page) पर आपका स्वागत है. इस पन्ने पर आप राजस्थान की राजधानी जयपुर से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबरें पाएंगे. यह पन्ना पूरे दिन अपडेट होता रहेगा जिससे आप जयपुर के हर बड़े घटनाक्रम को एक साथ इस लाइव पन्ने पर पढ़ सकेंगे. कल, 25 जून को जयपुर, सीकर समेत कई शहरों में जोरदार बारिश हुई. कई इलाकों में जलभराव की समस्या से भी लोग जूझते नजर आए. जयपुर में शेयर मार्केट व्यापारी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल, पीटीईटी-2026 और वीडीओ भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जैसे अहम परीक्षा परिणाम जारी किए गए.
ऐसी कई अहम खबरें हमारे इस स्पेशल लाइव पेज पर एक साथ उपलब्ध रहेंगी और यह पन्ना लगातार अपडेट होता रहेगा. जयपुर में NDTV के संवाददाताओं और अन्य स्रोतों के माध्यम से हम शहर की हर बड़ी खबर आप तक पहुंचाते रहेंगे. तो जयपुर की ताजातरीन खबरों पर नजर रखने के लिए जुड़े रहें NDTV के इस लाइव पेज से.
Here are the Live Updates of Jaipur News Today:
जयपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया में लगी आग
जयपुर के बड़ी चौपड़ पर मोहर्रम जुलूस के दौरान कुरैशियान ताजिया में आग लगने की घटना सामने आई है. आतिशबाजी के दौरान ताजिया के गुंबद में आग लग गई. आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई. फायर ब्रिगेड के लोगों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

जयपुर के बस्सी में श्मशान की जमीन पर भारी बवाल, पथराव के बाद 4 गाड़ियां फूंकी
जयपुर के बस्सी थाना क्षेत्र के श्मशान घाट के पास की जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. बस्सी क्षेत्र के गोपाल बगीची के पास शुरू हुआ यह जमीनी विवाद भारी उपद्रव और हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. इस दौरान बेकाबू हुए उपद्रवियों ने इलाके में जमकर पथराव किया और सरेआम आगजनी की वारदात को अंजाम दिया.
गुस्साई भीड़ ने मौके पर खड़ी 4 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया जबकि 8 अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की . घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया. सूचना मिलते ही बस्सी थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ा. पुलिस प्रशासन फिलहाल मौके पर शांति कायम कर दी गई है, लेकिन तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

900 साल पुरानी परंपरा 'हाईदौस' में हवा में लहराईं सैकड़ों नंगी तलवारें
अजमेर में सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज की पावन नगरी अजमेर में सदियों पुरानी ऐतिहासिक परंपरा 'हाईदौस' का गवाह एक बार फिर पूरा शहर बना. मोहर्रम के मौके पर अजमेर के अंदरकोट क्षेत्र में करीब 900 साल पुरानी इस अनूठी रिवायत ने कर्बला की जंग के ऐतिहासिक दृश्य को जीवंत कर दिया. 'दी पंचायत अंदरकोटियान' के नेतृत्व में निकाले गए डोले शरीफ के भव्य जुलूस के दौरान एक अदम्य अकीदत का मंजर देखने को मिला, जहां सैकड़ों जायरीन और स्थानीय लोगों ने नंगी तलवारों के साथ हैरतअंगेज 'हाईदौस' खेला. साथ ही हजरत इमाम हुसैन के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और अकीदत पेश की.
अजमेर, राजस्थान: ख्वाजा गरीब नवाज की नगरी अजमेर में 800–900 साल पुरानी ऐतिहासिक परंपरा 'हाईदौस' ने एक बार फिर कर्बला की जंग का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया। अजमेर के अंदरकोट क्षेत्र में दी पंचायत अंदरकोटियान के नेतृत्व में डोले शरीफ के जुलूस के दौरान सैकड़ों लोगों ने नंगी तलवारों के… pic.twitter.com/ZhxdHQgQC1
— IANS Hindi (@IANSKhabar) June 26, 2026
*गहलोत का किरोड़ी मीणा पर तंज- 'वो सीनियर हैं पर हवा में आरोप लगाते हैं'
राजस्थान की सियासत में कांग्रेस और भाजपा के बीच वार-पलटवार का दौर चरम पर है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर बड़ा हमला बोला है, उन्होंने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा एक सीनियर नेता हैं और आरएसएस कैडर से आते हैं, हालांकि बीच में वे कई बार पार्टी छोड़ भी चुके हैं। वे भाजपा सरकार बनने के पहले से ही लगातार बिना तथ्यों के आरोप लगा रहे हैं. पूर्व सीएम ने एक पुराना वाकया याद दिलाते हुए तंज कसा कि जब उन्होंने किरोड़ी लाल से आरोपों के तथ्य मांगे, तो उनका बेतुका जवाब आया कि 'तथ्यों की जरूरत ही क्या है?' गहलोत ने साफ कहा कि किरोड़ी लाल सिर्फ हवा में तीर चलाते हैं.
इसके साथ ही अशोक गहलोत ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का पुरजोर बचाव करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि डोटासरा की घेराबंदी करना अपने आप में एक बड़ा राजनैतिक षड्यंत्र है. डोटासरा के माध्यम से भाजपा असल में कांग्रेस को डैमेज करना चाहती है, क्योंकि राजस्थान में कांग्रेस का सबसे मजबूत संगठन है. अपनी योजनाओं की तारीफ करते हुए गहलोत ने कहा कि आज जनता हमारी योजनाओं को याद कर रही है और वर्तमान सरकार के राज में बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.
जयपुर में सिक्योरिटी गार्ड का धारदार हथियार से रेता गला
जयपुर के पॉश इलाके अशोक नगर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसका गला काटने की कोशिश की. इस खौफनाक हमले में गार्ड अमित कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी गर्दन से भारी मात्रा में खून बहने लगा. लहूलुहान हालत में अमित पास ही के एक चाय के स्टॉल पर बैठा और अपनी टी-शर्ट से गर्दन को दबाकर बहते खून को रोकने की कोशिश करने लगा. वही वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहा. सूचना मिलते ही अशोक नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हमलावर की तलाश में जुटी है.
डोटासरा पर मदन दिलावर का पलटवार, बोले- 'RSS का काम सिर्फ चरित्र निर्माण, विकास देखकर परेशान है कांग्रेस'
राजस्थान में कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बयानबाजी का दौर एक बार फिर तेज हो गया है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने सीएमभजनलाल शर्मा और आरएसएस का पुरजोर बचाव किया है. मदन दिलावर ने साफ लहजे में कहा कि आरएसएस का सिर्फ एक ही मूल काम है- इंसानों में चरित्र निर्माण करना और उनके भीतर देशभक्ति की भावना को जगाना.
सीएम पर निशाना साधे जाने से नाराज मंत्री दिलावर ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए तमाम आरोप पूरी तरह गलत हैं. CM अपनी समझ और पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार काम करते हैं. कांग्रेस इस बात से परेशान हैं कि राज्य में विकास कार्य हो रहे हैं.
#WATCH | Jaipur | On State Congress President Govind Singh Dotasra's statement, Rajasthan Minister Madan Dilawar says, "RSS has only one task - that is character building and evoking a sense of patriotism. The accusation levelled at CM Bhajanlal Sharma is wrong. The CM works… pic.twitter.com/NBaJ6MfM6w
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) June 26, 2026
जयपुर के कोटखावदा में दो पक्षों में मारपीट, सरपंच रमेश मीणा समेत डेढ़ दर्जन लोग गिरफ्तार
जयपुर के कोटखावदा इलाके में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ आपसी विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस जानलेवा हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि पहले उन पर हमला किया गया और उनके साथ मारपीट की गई. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राडोली सरपंच रमेश मीणा समेत करीब 18 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है. घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कोटखावदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुट गई है.
आरोप सिद्ध हुए तो हमेशा के लिए छोड़ दूंगा क्रिकेट', भरतपुर DCA निलंबन पर सचिव की खुली चुनौती
भरतपुर जिला क्रिकेट संघ को निलंबित किए जाने के बाद राजस्थान क्रिकेट जगत में निलंबन की इस कार्रवाई पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. जिसके बाद जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी ने आरसीए (RCA) की एडहॉक कमेटी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और खुद पर लगे तमाम आरोपों पर तीखा पलटवार किया है.
तिवारी ने आरसीए को खुली चुनौती देते हुए कहा कि मैं हर तरह की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हूं. पुलिस, एसओजी या किसी भी एजेंसी से मेरे खिलाफ जांच करवा ली जाए. अगर आरसीए को लगता है कि कोई गड़बड़ी हुई है, तो पहले मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए. उन्होंने एडहॉक कमेटी की वैधता पर ही सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर एडहॉक कमेटी को जांच कराने का अधिकार किसने दिया?
सचिव शत्रुघ्न तिवारी ने इस पूरी कार्रवाई को एक सोची-समझी साजिश और गहरा षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर मोहित यादव अपने चहेतों को भरतपुर जिला क्रिकेट संघ में लाना चाहते हैं. तिवारी ने एलान किया कि अगर आरोप सिद्ध हुए तो आजीवन क्रिकेट छोड़ दूंगा.
सीएम भजनलाल शर्मा शनिवार को उद्यमियों को बांटेंगे 13 करोड़ से अधिक के लोन और सब्सिडी
प्रदेश में पहली बार आगामी 27 जून को 'अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस' के अवसर पर एक विशेष और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. शनिवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह में सीएम उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी सौगात देंगे. वे मंच से उद्यमियों और लाभार्थियों को ऋण, वित्तीय अनुदान और सब्सिडी के रूप में 13 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के डमी चेक सौंपेंगे. इस पहल का उद्देश्य राज्य में छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देना तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है.
RCA की AGM बैठक आज
राजस्थान क्रिकेट संघ की AGM की वार्षिक साधारण सभा आज यानी आरसीए अकादमी पर दोपहर 3 बजे आयोजित होगी.
जयपुर में सफाई कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, सामूहिक छुट्टी पर जाकर जताया विरोध
जयपुर नगर निगम मुख्यालय के बाहर आज ( शुक्रवार) सुबह से प्रदेश भर के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इन कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश (मास लीव) ले ली है, जिससे शहर की सफ़ाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने की कगार पर है.
यह आंदोलन 'संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई कर्मचारी संघ'के बैनर तले किया जा रहा है. इस प्रदर्शन में सिर्फ जयपुर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के अलग-अलग कोनों और दूर-दराज के इलाकों से आए सफाईकर्मी भी शामिल हैं.
Madan dilawar: मदन दिलावर के निशाने पर डोटासरा, किरोड़ी लाल मीणा के लिए भी दिया बयान
Jaipur: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का डोटासरा पर निशाना#Jaipur #Rajasthan #RajasthanBJP #RajasthanCongress #RajasthanPolitics @madandilawar @GovindDotasra pic.twitter.com/fgDxLOkz6x
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) June 26, 2026
CM Bhajan lal sharma: सीएम ने की नशा मुक्त राजस्थान के लिए संकल्प की अपील
सीएम भजनलाल शर्मा ने अपील की, "अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर आइए, हम सभी नशामुक्त राजस्थान के निर्माण का संकल्प लें और इस जन-जागरूकता अभियान को जन-आंदोलन बनाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं."
नशा एक अभिशाप है, जिसे जड़ से मिटाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और पुनर्वास के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 26, 2026
'एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स' की सख्ती और जन-जागरूकता के प्रयासों के… pic.twitter.com/HkQFtthBbW
Jaipur Live: राजस्थान में दो बड़े अधिकारियों का निलंबन, सीएम भजनलाल शर्मा का एक्शन
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने 'जीरो टॉलरेंस' (Zero Tolerance) नीति के तहत एक और बड़ा एक्शन लिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो बड़े अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. भीम पंचायत समिति के विकास अधिकारी और फतेहपुर तहसीलदार के खिलाफ एक्शन लिया गया है. वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करिए.
Rajkumar Roat: डोटासरा ने राजकुमार रोत को दी जन्मदिन की बधाई
बांसवाडा- डूंगरपुर से लोकसभा सांसद राजकुमार रोत जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) June 26, 2026
ईश्वर से आपके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं खुशहाल जीवन की मंगलकामना है।@roat_mla
Jaipur: जयपुर में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी
जयपुर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश किया. नगर निगम के मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे हैं. संयुक्त वाल्मीकि और सफाई कर्मचारी संघ के बैनर प्रदर्शन जारी है. इसमें प्रदेशभर से सफाई कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं.
Rajasthan Roadways Bus Fire: जयपुर से हरिद्वार जा रही बस में आग, मेरठ में हादसा
राजस्थान रोडवेज की अनुबंधित बस में भयंकर आग लग गई. जयपुर से हरिद्वार जाने वाली बस में आग की चपेट में आ गई. गनीमत रही कि सभी 26 यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए. मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझाई गई. बताया जा रहा है कि मेरठ से मुजफ्फरनगर के बीच जाते वक्त रोडवेज बस नंबर RJ14 PF2607 में हादसा हुआ. इसके पीछे शॉर्ट सर्किट की वजह सामने आ रही है.

Jaipur News: जयपुर में मंत्रियों के आवास के बाहर लोगों की भारी भीड़, खास है वजह
राजस्थान में तबादलों पर बैन हटते ही मंत्रियों के आवास के बाहर लंबी लाइन नजर आ रही है. जयपुर में सिविल लाइंस स्थित बंगलों के बाहर सरकारी कर्मचारियों की लंबी कतार है. गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और दिया कुमारी समेत सभी के निवास पर कर्मचारियों का तांता लगा हुआ है. हालांकि, चिकित्सा विभाग में फिलहाल ट्रांसफर पर बैन है.
Rajasthan Police: 4 जून से ट्रैफिक पुलिस का महाअभियान जारी
राजस्थान में ट्रैफिक पुलिस का महाअभियान जारी है. इस महीने 4 जून से 24 जून तक महज 21 दिनों में पूरे प्रदेश में कुल 1 लाख 65 हजार 745 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई हो चुकी है. जयपुर कमिश्नरेट के सभी पांचों क्षेत्रों यातायात, पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण को मिलाकर कुल 800 कार्रवाई की गईं, जिसमें जयपुर पश्चिम में सर्वाधिक 421 चालान हुए. इसके अलावा जयपुर ग्रामीण इलाके में भी 344 वाहनों को नियमों के उल्लंघन पर सीज व चालान की कार्रवाई से गुजरना पड़ा.
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी पड़ी खाकी: 21 दिनों में रिकॉर्ड 1.65 लाख से अधिक वाहनों के कटे चालान, महा-अभियान से हड़कंप
— Rajasthan Police (@PoliceRajasthan) June 25, 2026
जयपुर 25 जून। राजस्थान की सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी मारक क्षमता के साथ…
राजस्थान में 76 नई नगरपालिकाओं का गठन, 684 पदों पर भर्ती की मंजूरी
राज्यों में 76 नई नगरपालिकाओं के गठन के साथ ही नगर निकायों की 385 हो जाएगी. जयपुर और झुंझुनूं जिलों में सबसे ज्यादा 7-7 नगरपालिकाओं का गठन हुआ है. इन निकायों में कुल 684 पद स्वीकृत हैं. पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करिए.
Rajasthan News: राजस्थान को बिजली उत्पादन में ऐतिहासिक उपलब्धि
मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (इंडिया) ने राजस्थान के रिकॉर्ड बिजली उत्पादन को रिकॉर्ड श्रेणी में दर्ज किया. ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर को विद्युत भवन, जयपुर में वैश्विक सम्मान पत्र प्रदान किया गया. यह सम्मान ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों को समर्पित किया गया. राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने 7580 मेगावाट क्षमता की 23 कोयला आधारित इकाइयों से 7171 मेगावाट का सर्वाधिक बिजली उत्पादन किया. इसी महीने 2 जून को हासिल यह उत्पादन निगम के गठन के बाद से अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना.

Jaipur News: सुबह की अहम खबरें यहां देखिए
#MorningHeadlines : सुबह की शुरुआत बड़ी ख़बरें एक साथ .#MorningTopNews #Headlines pic.twitter.com/hlkW45i8Za
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) June 26, 2026
Jaipur News: किशनपोल बाजार में लोहे का जोल गिरा, अफरा-तफरी का माहौल
जयपुर के व्यस्ततम बाजारों में शामिल किशनपोल बाजार में गुरुवार (25 जून) को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. हरसुख कासलीवाल के रास्ते में स्थित मकान नंबर 1312 में निर्माण कार्य चल रहा था, तभी तेज बारिश के दौरान लोहे का एक भारी-भरकम जाल अचानक टूटकर सीधे सड़क के बीचों-बीच आ गिरा. गनीमत यह रही कि उस वक्त जाल की चपेट में कोई नहीं आया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था. इस घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इस घटना ने नगर निगम के दावों और उसकी निगरानी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आरोप है कि इस मकान में पिछले कई महीनों से बिना किसी निर्माण अनुमति के इतने बड़े स्तर पर काम चल रहा है. लोगों का कहना है कि नगर निगम को इसकी भनक तक नहीं लगी या यूं कहें कि सब कुछ जानकर भी आंखें मूंद ली गईं.स्थानीय निवासियों के मुताबिक, अगर निगम प्रशासन ने समय रहते इस अवैध निर्माण पर सुध ली होती और सुरक्षा मानकों की जांच की होती, तो आज यह नौबत ही नहीं आती.