Hanumangarh News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भादरा कस्बे से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहा एक पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद भी पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली. इस दोहरे कांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे गहरा पारिवारिक विवाद और पत्नी से अनबन की बात सामने आ रही है.
पहले बेटे को मारा, फिर खुद चुना मौत का रास्ता
जानकारी के अनुसार, भादरा के निकटवर्ती गांव मलसीसर निवासी 32 वर्षीय धर्मपाल का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी कुछ समय से अलग रह रही थी. इसी पारिवारिक विवाद के कारण धर्मपाल ने यह खौफनाक कदम उठाया.
वारदात से पहले परिचित को किया था फोन
घटना से पहले धर्मपाल ने अपने एक जान-पहचान वाले को फोन करके इसकी जानकारी दी थी. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची. सूचना मिलने पर भादरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर भादरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
भादरा पुलिस स्टेशन ऑफिसर हनुमानाराम ने बताया कि धर्मपाल ने पहले अपने 5 साल के बेटे वैदिक को फांसी लगाकर मार डाला और फिर भादरा में गवर्नमेंट कॉलेज के पीछे एक पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली. शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद सामने आया है. इस संबंध में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की अच्छी तरह से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है. (हनुमानगढ़ से मनीष शर्मा के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: 'तेरे बिना नहीं रह सकता, आ रहा हूं', पत्नी की मौत के चंद घंटे बाद पति ने दी जान; Insta पर लिखा आखिरी संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं