- तमिलनाडु में बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया
- इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई ने एक नया आंदोलन शुरू करने और विधानसभा चुनाव लड़ने की योजना का ऐलान किया
- तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि अन्नामलाई के इस्तीफे से पार्टी को कोई नुकसान नहीं
तमिलनाडु में बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने शुक्रवार पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है. पार्टी छोड़ने के बाद अन्नामलाई का पहला बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि हम आज से एक आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं. हमारी राजनीतिक पार्टी तमिलनाडु में अगला विधानसभा चुनाव भी लड़ेगी.
बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद के. अन्नामलाई ने कहा कि यह तय करना बहुत मुश्किल था कि मैं बीजेपी का आदमी हूं या तमिल. मैंने 4 दिसंबर 2025 को पार्टी को बताया कि मैं इस्तीफा देने जा रहा हूं. पार्टी ने मुझसे कहा कि चुनाव पूरे होने के बाद ही जाऊं.
'मैंने पार्टी की सोच बदलने की कोशिश की'
अपने इस्तीफे पत्र में अन्नामलाई ने कहा, 'राष्ट्रीय पार्टियों ने कभी ऐसी भाषा में बात नहीं की जिसे तमिलनाडु के लोग समझ सकें.' उन्होंने कहा, 'मैंने इस सोच को बदलने की कोशिश की है और कई तरह की अंदरूनी और बाहरी रुकावटों और बाधाओं के बावजूद इसमें काफी हद तक सफल भी रहा हूं.' साथ ही, उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व का उनके अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद भी किया.
K Annamalai, in his resignation letter to BJP National President Nitin Nabin on June 2, wrote, "I do not want to burden the top leadership any further with my ongoing thoughts on the way forward for a growth-oriented and culturally rooted politics in Tamil Nadu." pic.twitter.com/IMnNtcOiul
— ANI (@ANI) June 5, 2026
अन्नामलाई के करीबी सूत्रों ने NDTV को बताया है कि वह तमिलनाडु भर में युवा नेताओं की पहचान करने, उन्हें ट्रेनिंग देने और तैयार करने पर केंद्रित एक जन-आंदोलन शुरू करने की योजना पर काम कर रहे हैं. उनका कहना है कि आगे चलकर इस आंदोलन को एक राजनीतिक पार्टी में बदला जा सकता है. वह पहले से ही 'वी द लीडर्स' नाम से एक पहल चला रहे हैं, जो उनके बड़े राजनीतिक प्रोजेक्ट के लिए आधार का काम कर सकती है.
बीजेपी बोली- कोई नुकसान नहीं
अन्नामलाई के इस्तीफे पर बीजेपी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं है.
अन्नामलाई इस्तीफे से पहले दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मिलने पहुंचे थे. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की. माना जाता है कि नैनार नागेंद्रन को उनकी जगह बीजेपी की तमिलनाडु इकाई का अध्यक्ष पद नियुक्त किए जाने और राज्य में 2026 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के तहत AIADMK के साथ चुनावी गठबंधन फिर से बहाल किए जाने के बाद से अन्नामलाई नाराज थे.
यह भी पढ़ें: अन्नामलाई ने BJP से दिया इस्तीफा, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने त्यागपत्र किया मंजूर, जानें आगे की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं