विज्ञापन

DSP लक्ष्मी को देख स्कॉर्पियो से जा रहे लोगों ने कर दी हूटिंग, आगबबूला होकर कराई नाकेबंदी

कोटपूतली की डीएसपी लक्ष्मी सुथार और डालसा सचिव नीलम मीणा NH-48 पर लग्जरी बसों की चेकिंग कर रही थीं जब अचानक पास से एक स्कॉर्पियो में बैठे युवकों ने फब्तियां कसीं और भाग गए.

DSP लक्ष्मी को देख स्कॉर्पियो से जा रहे लोगों ने कर दी हूटिंग, आगबबूला होकर कराई नाकेबंदी
  • कोटपूतली में लग्जरी बसों की जांच के दौरान एक ब्लैक स्कॉर्पियो से जा रहे युवकों ने पुलिस को देख हूटिंग कर दी
  • डीएसपी लक्ष्मी सुथार ने ये देख तुरंत कंट्रोल रूम को नाकाबंदी करने का आदेश दिया
  • स्कॉर्पियो में सवार युवक दिल्ली से खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे

राजस्थान के कोटपूतली- बहरोड़ जिले में रास्ते पर एक पुलिस कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों का महिला डीएसपी को हूटिंग करना भारी पड़ गया. बुधवार को राजस्थान के कई शहरों में लग्जरी स्लीपर बसों की जांच चल रही थी. इसी क्रम में कोटपूतली में भी पुलिस एक लग्जरी बस की जांच कर रही थी. तभी तेज रफ्तार से गुजरती एक ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने पुलिस को देख हूटिंग कर दी और वाहन को लहराते हुए भाग गए. ये देखकर डीएसपी लक्ष्मी सुथार ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देकर नाकाबंदी का ऑर्डर दिया. पुलिस ने कुछ ही देर में ब्लैक स्कॉर्पियो को रोककर छह युवकों को दस्तयाब कर लिया.

बस की जांच करतीं डीएसपी लक्ष्मी सुथार और डालसा सचिव नीलम मीणा

बस की जांच करतीं डीएसपी लक्ष्मी सुथार और डालसा सचिव नीलम मीणा
Photo Credit: NDTV

एनएच पर हो रही थी बसों की जांच

दरअसल यह पूरा घटनाक्रम बुधवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर गोपालपुरा कट के पास उस समय हुआ, जब परिवहन विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा)और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लग्जरी स्लीपर बसों की विशेष जांच अभियान चला रही थी. संयुक्त कार्रवाई के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की बारीकी से जांच की जा रही थी. अधिकारियों द्वारा इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी उपकरण, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक मानकों का निरीक्षण किया जा रहा था ताकि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर कार्रवाई की जा सके. 

इस संयुक्त अभियान में डालसा सचिव नीलम मीणा, परिवहन विभाग के अधिकारी सुनील सैनी, डीएसपी लक्ष्मी सुथार सहित पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद थीं. कार्रवाई पूरी गंभीरता के साथ चल रही थी और एक-एक बस को रोककर जांच की जा रही थी.

लग्जरी बस की चेकिंग के दौरान हुई घटना

लग्जरी बस की चेकिंग के दौरान हुई घटना
Photo Credit: NDTV

ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठे युवकों ने की हूटिंग 

इसी दौरान डीएसपी लक्ष्मी सुथार एक बस की जांच पूरी करने के बाद दूसरी बस की ओर बढ़ रही थीं. तभी पीछे से तेज रफ्तार में एक ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो ट्रेलर को ओवरटेक करते हुए डीएसपी के बिल्कुल पास से निकली. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो में तेज आवाज में लाउड म्यूजिक बज रहा था और उसमें छह युवक सवार थे. वाहन में सवार युवकों ने तेज आवाज में हूटिंग की, वाहन को लहराते हुए तेज गति से आगे बढ़ा दिया और कुछ ही पलों में वहां से निकल गए. 

पुलिस कार्रवाई के दौरान इस तरह की लापरवाही और तेज रफ्तार को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी लक्ष्मी सुथार तुरंत एक्शन मोड में आ गईं. उन्होंने बिना समय गंवाए कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी और संबंधित थाना पुलिस को तत्काल नाकाबंदी कर वाहन को रोकने के सख्त निर्देश दिए. 

सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और पनियाला थाना पुलिस तथा बहरोड़ सदर थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया. सूचना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों में तत्काल नाकाबंदी शुरू कर दी गई. इसी दौरान बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र में NH-48 पर वही ब्लैक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आती हुई दिखाई दी. बहरोड़ सदर थाना प्रभारी मनोहर मीणा ने पुलिस टीम के साथ नाकाबंदी के दौरान वाहन को रुकवाया. 

स्कॉर्पियो को नाकाबंदी कर रोका गया

स्कॉर्पियो को नाकाबंदी कर रोका गया
Photo Credit: NDTV

थाने ले जाए गए युवक

पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेते हुए उसमें सवार सभी छह युवकों को दस्तयाब कर लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि स्कॉर्पियो सवार सभी युवक दिल्ली से खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे. 

पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है. थानाधिकारी मनोहर मीणा ने बताया कि डीएसपी लक्ष्मी सुथार से सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया. यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवकों ने पुलिस कार्रवाई के दौरान हूटिंग क्यों की और वाहन को तेज गति व लापरवाही से क्यों चलाया. फिलहाल सभी युवकों से पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: मोर्चरी में गुरु की लाश देख चीड़-फाड़ करने वाले डॉक्‍टरों के कांप गए हाथ, बोले- कलेजे पर छुरी नहीं चला पाएंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kotpuli News, Kotputli Behrod, Scorpio, Khatushyam, Khatushyamji
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com