भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा टी-20 मैच आज, 9 जुलाई को काउंटी ग्राउंड, ब्रिस्टल में खेला जाएगा. टीम इंडिया सीरीज में पहले ही दो मैच गंवा चुकी है. अब चौथे मैच पर सबकी नजरें टिकी हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान श्रेयस अय्यर सीरीज बचाने में सफल होते हैं या नहीं. हालांकि, आज के मुकाबले में फैंस को दो बड़े रिकॉर्ड बनते देखने को मिल सकते हैं, और अगर ऐसा होता है तो अभिषेक शर्मा और इशान किशन के नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज हो जाएगी.
दरअसल, चौथे टी-20 में अभिषेक शर्मा टी20 फॉर्मेट में बतौर ओपनर 350 छक्के पूरे करने से सिर्फ 2 छक्के दूर हैं. फिलहाल उनके नाम 348 छक्के दर्ज हैं. इसके अलावा इशान किशन टी20 करियर में 7000 रन पूरे करने के ऐतिहासिक माइलस्टोन से महज 4 रन दूर हैं. टी20 क्रिकेट के सभी फॉर्मेट (अंतर्राष्ट्रीय टी20, आईपीएल और घरेलू टी20) को मिलाकर उनके नाम अब तक 6996 रन दर्ज हो चुके हैं.
ICC T20I रैंकिंग में इशान और अभिषेक का कायम है दबदबा
हाल के प्रदर्शन को छोड़ दिया जाए तो टीम इंडिया के लिए इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया है. दोनों बल्लेबाजों ने ICC मेन्स T20I बैटिंग रैंकिंग में टॉप दो पोजीशन बनाए रखीं है. इशान किशन अपने भारतीय साथी और ओपनर अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़कर दुनिया के नंबर वन T20I बल्लेबाज बने हुए हैं.
बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ भारत की हालिया दो मैचों की T20I सीरीज (जिसे मेजबान टीम ने 2-0 से जीता) के बाद किशन ने करियर की बेस्ट रेटिंग हासिल की और अभिषेक से आगे निकल गए. हालांकि, दोनों मैचों में अभिषेक का प्रदर्शन खास नहीं रहा. पहले T20I में 49 रन बनाने के बाद आखिरी मैच में वे 'गोल्डन डक' (पहली ही गेंद पर आउट) का शिकार हुए.
इशान T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
इशान इस साल T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 35 पारियों में 39.09 की औसत और 181.19 के स्ट्राइक रेट से 1368 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं