Kal Ka Mausam 9 July 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मॉनसून की एंट्री हो चुकी है और लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है. दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली के अलावा राजस्थान, पंजाब, यूपी, बिहार, झारखंड से लेकर बंगाल तक बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश ऐसे ही जारी रहेगी. कल आपके यहां कैसा मौसम रहेगा? आइए बताते हैं.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 9 जुलाई को बारिश का दौर जारी रहेगा. IMD ने बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आर्द्रता अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत रहने की संभावना है. सुबह से लेकर दिनभर विभिन्न समय पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

कल कैसा रहेगा मौसम?
Photo Credit: IMD
यूपी, हरियाणा, पंजाब से राजस्थान तक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, कल उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश होगी. पंजाब में व्यापक से बहुत व्यापक बारिश की संभावना है. वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. उत्तराखंड में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश के साथ वज्रपात व तेज हवाएं चलने के आसार हैं. पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चल सकती है.

मॉनसून की ताजा स्थिति क्या?
Photo Credit: IMD
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी व्यापक से बहुत व्यापक बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने इन इलाकों में अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं.
बिहार- झारखंड में क्या अलर्ट?
इन दिनों बिहार और झारखंड समेत उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मॉनसून जमकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं बिहार में भी कई जिलों में बारिश के आसार हैं. पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के साथ वज्रपात और आंधी की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में दो दिन बारिश
Photo Credit: X Post
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का सबसे बेहतर वक्त
दिल्ली-एनसीआर में कल से ही मॉनसून जमकर बरस रहा है. IMD की मानें तो कई जगहों पर तापमान 10 डिग्री तक गिरा है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया ने दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की वजह भी बताई है. उन्होंने बताया कि कम दबाव वाले क्षेत्रों के असर से दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का एक बेहतरीन दिन है. ये दो दिन शायद इस सीजन के सबसे अच्छे मॉनसून वाले दिन होंगे. शाम और रात के समय दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के ज्यादातर इलाकों में रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश होती रहेगी. उम्मीद है कि कल भी पूरे दिन बारिश होती रहेगी.
यह भी पढ़ें: मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार; MP में अति भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-मुंबई पर भी असर, यहां दिखेगा मौसम का कहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं