शहर में मंदिरों में चढ़ावे को लेकर एक और विवाद सामने आया है. भरतपुर के प्रसिद्ध बिहारीजी मंदिर में एक दानदाता परिवार ने करीब 3.65 लाख रुपये कीमत का हीरा गायब होने का आरोप लगाया है. पीड़ित व्यापारी की मां का दावा है कि भगवान बिहारीजी को यह कीमती हीरा श्रद्धा स्वरूप चढ़ाया था, लेकिन अब मंदिर प्रशासन के पास उस हीरे का कोई रिकॉर्ड या पता नहीं है.
बिहारीजी को पहनाया था
भरतपुर की रंजीत नगर निवासी मीरा बंसल की बहू कृपाली ने बताया कि उनके पति की प्रवीण बंसल की भरतपुर में ऑयल मिल है. सास मीरा बंसल ने दिसंबर 2024 में बिहारीजी मंदिर में हीरा दान दिया था. इस वक्त यहां मनोज भारद्वाज पुजारी थे, और उन्होंने ये मनोज भारद्वाज को सौंपा था. यह हीरा बिहारी जी को उनकी नाक के नीचे लॉन्ग के रूप पहनाया गया था. 6 महीने बाद मंदिर में आने वाले लोगों और मिलने वाले लोगों ने कहा कि मूर्ति पर लगे हीरे में वो चमक नहीं है, हीरे जैसी आभा नजर नहीं आ रही है.
हीरा की होगी जांच
परिवार का आरोप है कि इस संबंध में पिछले एक साल से देवस्थान विभाग और मंदिर प्रशासन से जांच की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. देवस्थान विभाग आयुक्त मुकेश कुमार का कहना है कि मंदिर के रिकॉर्ड में जो वस्तु जमा है, वह असली हीरा है या कांच का टुकड़ा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है. विभाग के अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वस्तु को विशेषज्ञ ज्वेलर से जांच कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिकॉर्ड व्यवस्था पर उठाए सवाल
दानदाता परिवार ने सिर्फ इसी हीरे को लेकर ही नहीं, बल्कि मंदिर में चढ़ाई गई अन्य कीमती वस्तुओं के रखरखाव और रिकॉर्ड व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. इस घटना के बाद मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रद्धालु आस्था के साथ दान करते हैं, लेकिन अगर चढ़ावे सुरक्षित नहीं हैं तो लोगों का विश्वास टूटेगा. राजस्थान में हाल के महीनों में कई मंदिरों में दान और चढ़ावे को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं. भरतपुर का यह मामला भी अब प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है.
यह भी पढ़ें: चिकित्सा अधिकारी की चली गई नौकरी, IAS-RPS पर कार्रवाई की मंजूरी; एक्शन मोड में CM भजनलाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं