राजस्थान के अलवर से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है. अलवर जिले के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील की दाल में मरा हुआ चूहा निकला. दाल में चूहा मिलने से पूरे स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई. स्कूल स्टाफ ने तुरंत बच्चों को भोजन वितरण रोक दिया और पूरे मामला का वीडियो और फोटो बना लिया. शिक्षा विभाग भी दाल में मरा चूहा मिलने की घटना की जांच में जुट गया है.
दाल चखने के लिए लिया तो निकला चूका
दरअसल, यह घटना अलवर के रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलावड़ा अंतर्गत नंगली गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की है. सोमवार (27 अप्रैल) को जब भोजन वितरण से पहले दाल को चखा जाने लगा, तो उसमें मरा हुआ चूहा दिखाई दिया. इससे स्कूल के पूरे स्टाफ में हड़कंप मच गया. हालांकि, तुरंत स्टाफ ने सतर्कता दिखाते हुए स्कूल स्टाफ ने तुरंत भोजन वितरण रोक दिया.
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में हेवल्स कम्पनी द्वारा संचालित क्यूआरजी फाउंडेशन एनजीओ के माध्यम से मिड-डे मील पहुंचाया जाता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को एलीमेंट्री जिला शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और पीईईओ की संयुक्त टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची.
दाल में चूहा मिलने पर आरोप-प्रत्यारोप
जिला शिक्षा अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि चूहा मिड-डे मील के कंटेनर में पहले से था या विद्यालय में आने के बाद दाल में गिरा. इधर, एनजीओ की ओर से भी प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, जिन्होंने प्राथमिक रूप से स्कूल स्टाफ पर ही लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि कंटेनर खाली करने के बाद चूहा गिरा होगा. वहीं विद्यालय के पोषाहार प्रभारी और स्टाफ का कहना है कि एनजीओ की गाड़ी से दाल सीधे स्कूल के कंटेनर में डाली गई और तुरंत ढक दिया गया था.
जब वितरण से पहले दाल निकाली गई, तभी उसमें चूहा मृत अवस्था में मिला. ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि यदि समय रहते यह बात सामने नहीं आती तो बच्चों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ हो सकता था. ग्रामीणों ने संबंधित एनजीओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
बताया जा रहा है कि ब्लॉक के कई विद्यालयों में इसी एनजीओ द्वारा भोजन सप्लाई किया जाता है, जो रात या तड़के तैयार कर सुबह स्कूलों में पहुंचाया जाता है. ऐसे में स्वच्छता और गुणवत्ता पर सवाल खड़े होना लाजमी है. फिलहाल जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने मिड-डे मील की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें-
IRS Daughter Murder: 'बस गेम खेलता था, और कोई ऐब नहीं था' आरोपी की मां ने बताया क्या हुआ था अलवर में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं