भरतपुर के एक थाने में तैनात 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है. जिस थाने में सभी पुलिसकर्मी तैनात हैं. उसी थाने में उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है. पुलिसकर्मियों पर नाबालिग को झूठे केस में फंसाने, अवैध हथियार प्लांट करने और बुरी तरह मारपीट करने के गंभीर आरोप हैं. FIR 16 साल के नाबालिग की बुआ ने दर्ज करवाई है.
3 महीने तक लिया था हफ्ता
बुआ ने बताया कि भाई की मौत के 12 दिन बाद भतीजे का जन्म हुआ था और जन्म के बाद से ही वह भरतपुर में उनके पास रह रहा है और पढ़ाई कर रहा है. दिसंबर 2024 में नाबालिग ने रेंटल कार का छोटा व्यापार शुरू किया था. आरोप है कि व्यापार शुरू होने के कुछ दिन बाद DST टीम का कांस्टेबल दशरथ नाबालिग के ऑफिस पर आया और 10 हजार रुपये महीना हफ्ता मांगा.
धमकी दी कि पैसा नहीं दिया तो व्यापार नहीं चलने देगा. डर के कारण नाबालिग ने तीन महीने तक हर महीने 10 हजार रुपये दिए, इस तरह कुल 30 हजार रुपये. घाटा होने पर जब व्यापार बंद कर दिया, तो भी कांस्टेबल हफ्ता मांगता रहा. मना करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगा. बुआ के अनुसार, 19 अगस्त को नाबालिग दोस्तों के साथ खाटूश्याम गया था.
बेरहमी से नालाबिग को पीटने का आरोप
21 अगस्त सुबह 9 बजे लौटा. रास्ते में कार पंचर होने पर वह चाय पीने रुका. तभी खुद को DST का बताने वाले दो लोग अंकित और मानवीर आए और दशरथ के नाम पर उसे DST ऑफिस ले गए. वहां कांस्टेबल दशरथ, हरिओम सहित टीम ने उसे पट्टों, लात-घूंसों से पीटा, पैरों पर खड़े हो गए.
आरोप है कि बाद में बाहर से देसी कट्टा मंगवाया गया. शाम 5 बजे ASI शिवलाल और दो कांस्टेबल उसे मुंह पर कपड़ा बांधकर सुनसान जगह ले गए. वहां कांस्टेबल अनिल ने कट्टा उसकी पैंट में फंसाया, गोली मारने की धमकी देकर वीडियो बनाया और फिर तलाशी में कट्टा बरामद दिखाकर आर्म्स एक्ट का झूठा केस दर्ज कर दिया.
परिजनों ने थाने पहुंचकर जमानत करवाई. नाबालिग के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. मामले में DST के कांस्टेबल दशरथ, हरिओम, अनिल, अंकित, मानवीर, ASI शिवलाल , हेड कांस्टेबल अनिल कुमार सहित 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
यह भी पढे़ं- पत्नी और 3 बेटियों की हत्या के मिले क्लू, शेयर मार्केट में घाटे के बाद प्लॉट बेचने को लेकर विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं