राजस्थान के अजमेर से हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. चोरी करने वाले की बाहर तलाश की जा रही थी. पर चोर घर के अंदर ही बैठा था. घर में रखे करोड़ों रुपये के ज्वेलरी और नकदी चोरी करने वाला भतीजा और उसकी पत्नी निकली है. दोनों ने पुलिस पूछताछ में चोरी को अंजाम करने की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पुलिस ने चोरी किए गए गहने, कैश और चोरी में इस्तेमाल चाबी को बरामद कर लिया है.
30 जून की रात को हुई थी चोरी
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह घटना 30 जून को अजमेर के आदर्शनगर थाना क्षेत्र में हुई थी. उस समय गोपाल खंडेलवाल के कमरे से सोने-चांदी, हीरे के गहने, 15 किलो चांदी की सिल्लियां और 5 लाख रुपये की चोरी हुई थी. पहले तो अज्ञात बदमाशों द्वारा इस हाई-प्रोफाइल चोरी को अंजाम देना माना जा रहा था. लेकिन जब पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो सब सच बाहर सामने आ गया. पुलिस जिस चोर को बाहर खोज रही थी. वह घर के अंदर ही बैठा था. चोरी की इस वारदात को घर के ही भतीजे और उसकी पत्नी ने अंजाम दिया.
पुलिस चोरी की रकम और गहने बरामद
दोनों एक ही मकान में चाचा के साथ रहते थे और रिश्ते का भरोसा तोड़ते हुए पहले कमरे की चाबी अपने पास छिपा ली. इसके बाद परिवार के बाहर जाने का इंतजार किया और उसी चाबी से कमरे का ताला खोलकर अलमारी में रखी करीब 15 किलो चांदी की सिल्लियां, सोने-हीरे के जेवरात और 5 लाख रुपये नकद चोरी कर अपने कमरे में छिपा दिए. पुलिस ने मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अनुमानित डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के पूरे जेवरात, नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई चाबी बरामद कर ली.
कमरे की चाबी पहले से कब्जे में ले ली
सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार आरोपी मनीष खंडेलवाल उर्फ मोनी और उसकी पत्नी दीप्ती खंडेलवाल उर्फ डोली ने पुलिस पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर चाचा गोपाल खंडेलवाल के कमरे की चाबी अपने कब्जे में कर ली थी. 30 जून को जब पूरा परिवार बाहर गया तो दोनों बिना ताला तोड़े कमरे में घूसे और अलमारी से सोना-हीरे के जेवर, चांदी की सिल्लियां और कैश निकालकर अपने कमरे में छिपा दिए, ताकि किसी को शक न हो.

एडिशनल एसपी अजमेर हिमांशु जांगिड़
एडिशनल एसपी अजमेर हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि आदर्शनगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, बीटीएस डेटा और सीडीआर विश्लेषण के आधार पर दोनों तक पहुंच बनाई. मामले में आगे की पूछताछ जारी है.
यह भी पढे़ं- पढ़ाई के समय प्यार, फिर शादी, अब BDO पति के 'दूसरी महिला से अवैध संबंध' ने ली पत्नी की जान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं