विज्ञापन

अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार, ट्रेनिंग में अचानक हुई मौत

राजस्थान के पोकरण के बोनाडा गांव के अग्निवीर की अचानक मौत होने से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. गिरिराज छंगानी की रिपोर्ट.

अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार, ट्रेनिंग में अचानक हुई मौत
अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी दिल्ली में ट्रेनिंग कर रहे थे
NDTV

राजस्थान के जैसलमेर जिले के अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. भाटी दिल्ली में ट्रेनिंग कर रहे थे जहां मंगलवार, 26 अगस्त को उनकी अचानक मौत हो गई. ये दुखद सूचना मिलते ही उनके परिवारजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए. आज, बुधवार सुबह सेना के वाहन से उनका पार्थिव शव पोकरण में उनके पैतृक गांव बोनाडा पहुंचा जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. पार्थिव शव जब बोनाडा गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. पिता चतुर सिंह और भाई वीरेंद्र सिंह को सांत्वना देते हुए ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं. अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी के आकस्मिक निधन से बोनाडा गांव सहित पूरे पोकरण विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर है.

पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने से पहले सांकड़ा सहित रास्ते के अन्य गांवों में ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर पुष्प वर्षा की और अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. बोनाडा पहुंचने पर अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए और सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

दिल्ली से पार्थिव शरीर को अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी के गांव लाया गया

दिल्ली से पार्थिव शरीर को अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी के गांव लाया गया
Photo Credit: NDTV

जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी को श्रद्धांजलि देने पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बोनाडा पहुंचे. सभी ने परिवार को ढाढस बंधाते हुए दिवंगत अग्निवीर को श्रद्धांजलि अर्पित की.

गोपाल सिंह के आकस्मिक निधन पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी सहित जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त की.

गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया

गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया
Photo Credit: NDTV

गांव में कई किलोमीटर दौड़ते थे

परिजनों के अनुसार गोपाल सिंह के दो भाई और एक बहन हैं. उनके बड़े भाई वीरेंद्र सिंह अपने पिता के साथ गांव में खेती-बाड़ी का काम करते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि गोपाल सिंह के मन में बचपन से ही देश सेवा का जज्बा था. वह सेना में जाने के लिए गांव में कई किलोमीटर तक दौड़ लगाकर तैयारी करता था.

ये भी पढ़ें-: NIMS यूनिवर्सिटी के हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदा यूपी का B.Tech छात्र, मोबाइल फोन की हो रही जांच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Agniveer, Pokran, Jaisalmer News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com