विज्ञापन

राम मंदिर के चोरों को सजा दिलाकर ही मानेंगे- अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों को यह उम्मीद थी कि जिस प्रधानमंत्री ने खुद आगे बढ़कर यह ट्रस्ट बनाया और इसमें अपने चुन-चुनकर खास लोगों को नियुक्त किया, वे किसी भी चोर या डकैत को छोड़ेंगे नहीं और उन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाएंगे.

राम मंदिर के चोरों को सजा दिलाकर ही मानेंगे- अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी ने रविवार को सुंदरकांड पाठ और हनुमान आरती के साथ देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत की. दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जापानी पार्क में आयोजित सुंदरकांड को सुनने के लिए बड़ी तादात में रामभक्त जुटे और सबने राम मंदिर में डकैती करने वाले महापापियों को फांसी की सजा दिलाने की शपथ ली. इस दौरान रामभक्तों की तरफ से प्रधानमंत्री को भेजी जाने वाली चिट्ठी पर पहले ‘‘आप'' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और फिर रामभक्तों ने सिग्नेचर किया. अरविंद केजरीवाल ने रामभक्तों से अपील की कि वे अपने मोहल्ले में हनुमान चालिसा और आरती कराकर चिट्ठी पर सिग्नेचर कराएं. अब हर राम भक्त को इन महापापियों को फांसी दिलाने तक चैन से नहीं बैठना है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रविवार को दिल्ली में पवित्र सुंदरकांड का पाठ किया और हनुमान जी महाराज से प्रार्थना की कि जिन पापियों ने राम मंदिर में डाका डाला और करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया, उन्हें कठोर से कठोर सज़ा मिले, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा महापाप दोबारा करने का साहस न कर सके. भीम रूप धरि असुर संहारे. रामचंद्र के काज संवारे. रोहिणी सेक्टर-10 के जापानी पार्क में आयोजित सुंदरकांड और हनुमान आरती कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों और महीनों से देश-दुनिया भर के सभी राम भक्त इस बात से बेहद आहत हैं कि अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में भारी चोरी, डकैती और जमीनों के अंदर घोटाले हुए हैं. लाखों-करोड़ों भक्तों ने भगवान के नाम पर जो पैसे दिए थे, उनसे सस्ती जमीन महंगी खरीदकर पैसों की चोरी कर ली गई और मंदिर निर्माण के दौरान 40 फीसद की भारी कमीशनखोरी के आरोप लग रहे हैं. मंदिर में आने वाले चढ़ावे में से 40 दिन के भीतर सीसीटीवी में 70 बार चोरी की घटनाएं पकड़ी गईं और इन्होंने चोरों को बचाने के लिए 8 महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी डिलीट कर दी.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों को यह उम्मीद थी कि जिस प्रधानमंत्री ने खुद आगे बढ़कर यह ट्रस्ट बनाया और इसमें अपने चुन-चुनकर खास लोगों को नियुक्त किया, वे किसी भी चोर या डकैत को छोड़ेंगे नहीं और उन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाएंगे. लेकिन पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम ने लोगों के भरोसे को बड़ा धक्का पहुंचाया है, क्योंकि जमीनों के घोटाले और कमीशनखोरी पर कोई जांच ही नहीं चल रही है. चढ़ावे की चोरी को लेकर भी मात्र लोगों की आंखों में धूल झोंकने और मामले को रफा-दफा करने के लिए एक फर्जी एसआईटी बना दी गई और एक फर्जी एफआईआर लिख दी गई है, जिसमें केवल छोटे कर्मचारियों को पकड़कर बड़े लोगों को बचाने की कोशिशें की जा रही हैं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज आयोजित किए गए सुंदरकांड के पाठ में सभी राम भक्तों ने यह शपथ ली है कि जब तक इन चंदा चोरों और डकैतों को सरेआम फांसी की सजा नहीं दिला देंगे, तब तक वे चौन से नहीं बैठेंगे, क्योंकि भगवान के दरबार में डाका डालना महापाप है. जो लोग मंदिर में चोरी कर रहे थे, वे राम को भगवान नहीं मानते हैं. आज से शुरू किया जा रहा यह सिग्नेचर कैंपेन किसी एक पार्टी का प्रयास नहीं है, बल्कि इसमें हर दल और हर विचारधारा के राम भक्तों को शामिल होना है, ताकि जब लाखों-करोड़ों की संख्या में हस्ताक्षर की हुई यह चिट्ठियां प्रधानमंत्री जी के पास पहुंचें, तो भगवान के आशीर्वाद से दोषियों को सजा मिल सके.

यह भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल ने ऑटो कंपनियों को लिखी चिट्ठी-बताएं E20 से कितना माइलेज घटेगा?

यह भी पढ़ें: चढ़ावा चोरी की जांच कर रही SIT पर केजरीवाल के सवाल, पूछा-मंदिर निर्माण, जमीन खरीद में गड़बड़ी की जांच कौन करेगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejriwal, Punjab AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com