विज्ञापन

पंजाब पुलिस का 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान: 200 दिनों में 1.09 लाख छापेमारी, 1532 अपराधी गिरफ्तार

पंजाब पुलिस के एंटी गैंगस्टर अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ ने 200 दिन पूरे कर लिए हैं. इस दौरान उन्होंने गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई.

पंजाब पुलिस का 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान: 200 दिनों में 1.09 लाख छापेमारी, 1532 अपराधी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है.

पंजाब पुलिस का एंटी गैंगस्टर अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार' राज्य में संगठित अपराध के खिलाफ सबसे बड़े अभियानों में से एक बनकर उभरा है. 200 दिन पूरे होने पर जारी आंकड़ों के अनुसार पुलिस ने पूरे राज्य में 1,09,087 छापेमारी अभियान चलाए और 1,532 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया. इसके अलावा 58,212 से अधिक अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

गैंगस्टर नेटवर्क तोड़ने पर फोकस

मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह अभियान केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. इसका लक्ष्य गैंगस्टरों के वित्तीय स्रोत, सहयोगी तंत्र, संचार नेटवर्क और विदेशों में बैठे संचालकों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है. डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस की रणनीति संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने पर केंद्रित है ताकि अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना न बचे.

58 हजार से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान 853 गैंगस्टर और उनके सहयोगियों समेत कुल 58,212 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. निवारक कार्रवाई के तहत 28,201 लोगों को हिरासत में लिया गया जबकि 18,514 लोगों का सत्यापन करने के बाद उन्हें रिहा किया गया. कुल मिलाकर 1,04,927 व्यक्तियों को जांच और कार्रवाई के दायरे में लाया गया.

हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद

पंजाब पुलिस ने 990 अवैध हथियार, 242 धारदार हथियार, 2,739 कारतूस, 315 मैगजीन, 2.5 किलोग्राम विस्फोटक और 15 हैंड ग्रेनेड बरामद किए. पुलिस का मानना है कि इससे गैंगस्टरों की अपराध करने की क्षमता को बड़ा झटका लगा है. अभियान के दौरान 774.38 किलो हेरोइन, 480.23 किलो अफीम, 7,266.26 किलो पोस्त भूसी और 26.91 लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद की गईं. इसके साथ 1.73 करोड़ रुपये की ड्रग मनी, 1.80 करोड़ रुपये नकद और 413.85 ग्राम सोना भी जब्त किया गया.

पंजाब पुलिस ने फरार गैंगस्टर भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा को मध्य एशिया से और जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की. इसे अभियान की बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है.

अवैध शराब, ड्रोन और वाहन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान 64 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब, 34,840 बोतलें और 926 पेटियां नष्ट की गईं. पुलिस ने 4,978 मोबाइल फोन, 1,781 वाहन और 61 ड्रोन भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जा रहा था.

यह भी पढ़ें- हम RSS का इतिहास पढ़ रहे हैं, पूरा समझने के बाद तय करेंगे अगला कदम: कर्नाटक सरकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Police, Punjab Anti-Gangster Task Force, Bhagwant Mann
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com