विज्ञापन

पंजाब: पुलिस कस्टडी में टॉर्चर का आरोप, राहुल गांधी ने की मोहनजीत सिंह से बात

मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान मोहनजीत सिंह काला झंडा लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मौके से हटाया था.

पंजाब: पुलिस कस्टडी में टॉर्चर का आरोप, राहुल गांधी ने की मोहनजीत सिंह से बात
मोहनजीत सिंह से राहुल गांधी ने की बात
PTI

पंजाब की राजनीति में मोहनजीत सिंह के साथ कथित पुलिस प्रताड़ना ने तूल पकड़ लिया है. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन पर मोहनजीत सिंह से बात की. इस समय मोहनजीत सिंह का संगरूर के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है. दरअसल, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मोहनजीत सिंह से मिलने अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी से फोन पर उनकी बात करवाई.

पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार आक्रामक है और भगवंत मान सरकार पर हमला बोल रही है. वहीं, पंजाब सरकार ने भी इस मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए डीएसपी हरविंदर सिंह को ट्रांसफर कर दिया है. वहीं, इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल, सीआई बलजीत सिंह और एएसआई हरप्रीत सिंह को संगरूर पुलिस लाइन भेज दिया गया है.

जानकारी के लिए बता दें कि मोहनजीत सिंह को कथित तौर पर पुलिस हिरासत के दौरान पीटा गया था. दरअसल, मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान मोहनजीत सिंह काला झंडा लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मौके से हटाया था. बाद में जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उनके खिलाफ 8 एफआईआर दर्ज है.

पुलिस ने उसी समय उनका मेडिकल एग्जामिनेशन भी कराया था. अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिकॉर्ड में उनके शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे. पुलिस ने यह भी दावा किया कि उनका ड्रग टेस्ट किया गया था, जिसकी रिपोर्ट अगली सुबह पॉजिटिव आई थी.

हालांकि, बाद में जब मोहनजीत सिंह को उनके परिवार को सौंपा गया तो उन्हें सिविल अस्पताल संगरूर ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनके शरीर पर करीब 10 चोटों के निशान देखे.

फिलहाल, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस घटना की निंदा की है. उन्होंने कहा है कि इस प्रकार की घटना नहीं होनी चाहिए थी. उन्होंने यह भी बताया कि जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी जांच की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com