- पंजाब के तरनतारन जिले में ससुराल में सुलह के लिए आए लवप्रीत सिंह पर साले ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी
- आग से झुलसे लवप्रीत सिंह की और उन्हें बचाने आई गुरजीत कौर की इलाज के दौरान मौत हो गई
- आरोपी साजन सिंह भी झुलस गया है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है
पंजाब के तरनतारन जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक शख्स को उसके ही साले ने उस वक्त कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ छींटकर आग के हवाले कर दिया जब वह अपनी पत्नी से सुलह करने ससुराल पहुंचा था. इस घटना में पीड़ित शख्स बुरी तरह से झुलस गया और बाद में उस की मौत हो गई है. जबकि उसे बचाने के लिए दौड़ी एक महिला भी आग की वजह से बुरी तरह से झुलस गई है. बाद में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
पुलिस ने मृतक शख्स की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में की है. जो अपनी पत्नी संदीप कौर को वापस अपने घर लाने के लिए ससुराल पहुंचे थे. पुलिस की जांच में पता चला है कि लवप्रीत के वहां पहुंचने पर उसके साले साजन सिंह ने कथित तौर पर उनपर कोई ज्वलनशील पदार्थ डाला और बाद में उन्हें आग लगा दी.
लवप्रीत को बचाने के लिए साजन सिंह की भाभी गुरजीत कौर दौड़ीं तो वो भी आग की चपेट में आ गई और बुरी तरह से झुलस गईं. उन्हें बाद में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार इस घटना में आरोपी साजन सिंह भी झुलस गया है. अभी उसका भी इलाज चल रहा है. लवप्रीत को आग के हवाले करने की ये घटना अब घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वीडियो में एक आदमी अचानक दूसरे आदमी को आग लगाते हुए दिख रहा है, जिसके बाद पीड़ित आग बुझाने की कोशिश में इधर-उधर भागता हुआ दिखाई दे रहा है.
फुटेज में आग को तेज़ी से फैलते हुए और लवप्रीत व गुरजीत को आग की लपटों में घिरने के बाद घबराहट में भागते हुए भी देखा जा सकता है. पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में साजन सिंह के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है. इस घटना का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें: रिटायरमेंट के बाद आराम नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ बनाने का मिशन चुना, अब मिला पद्म श्री सम्मान
यह भी पढ़ें: जालंधर: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस और परिवार में टकराव; फायरिंग के बाद युवक की मौत, जांच जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं