विज्ञापन

लुधियाना के पॉश इलाके में अचानक कई फीट धंस गई सड़क, खाली कराया गया पास का मकान; एंट्री बंद

पंजाब के लुधियाना में सड़क धसने से प्रशासन में हड़कंप मच गया. सड़क के किनारे स्थित एक मकान को खाली कराया गया है जबकि पूरे मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया.

लुधियाना के पॉश इलाके में अचानक कई फीट धंस गई सड़क, खाली कराया गया पास का मकान; एंट्री बंद
लुधियाना में सड़क अचानक धंस गई.

पंजाब के लुधियाना शहर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किचलू नगर इलाके में सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. देखते ही देखते सड़क पर कई फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र को घेर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क किनारे स्थित एक मकान को खाली कराने के निर्देश जारी कर दिए.

मौके पर पहुंचे नगर निगम आयुक्त

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम लुधियाना के आयुक्त ओजस्वी अलंकार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरों की टीम को विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा गया है.

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि सड़क के नीचे मौजूद सीवर लाइन के पास बिछाई गई ऑप्टिकल फाइबर केबल इस घटना की वजह हो सकती है. अधिकारियों का मानना है कि केबल डालने के दौरान सीवर संरचना या मैनहोल को नुकसान पहुंचा होगा, जिससे धीरे-धीरे रिसाव शुरू हुआ और मिट्टी का कटाव बढ़ता गया. इसी कारण सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया.

ऑप्टिकल फाइबर बिछाने पर उठे सवाल

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ऑप्टिकल फाइबर केबल कब और किस एजेंसी ने बिछाई थी. इसकी जांच की जा रही है. यदि किसी एजेंसी की लापरवाही से नगर निगम की मुख्य सीवर लाइन या अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है तो जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्रवाई भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है इसलिए दोषियों की पहचान जरूरी है.

घर को बताया गया असुरक्षित

प्रशासन ने सड़क के पास स्थित मकान को असुरक्षित घोषित कर दिया है. नगर निगम अधिकारियों ने मकान में रहने वाले लोगों को तत्काल घर खाली करने के लिए कहा है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके. घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील कर रहे हैं. सड़क धंसने के कारण पूरे मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने राजपुरा चौक और पॉपली स्वीट्स के पास से वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया है.

एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने बताया कि प्रभावित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है. लोगों से अपील की गई है कि वे पीएयू गेट नंबर 4 से राजपुरा चौक जाने वाले रास्ते का इस्तेमाल न करें. इसके बजाय हम्बरां रोड, स्वामी रोड और ठग्गू चौक वाले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.

मरम्मत कार्य शुरू

नगर निगम की टीमों ने सड़क की मरम्मत और स्थिति को स्थिर करने का काम शुरू कर दिया है. वहीं पीएयू थाने की पुलिस मौके पर तैनात है और भीड़ को नियंत्रित कर रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद सड़क धंसने के कारणों पर अंतिम तस्वीर साफ होगी.

यह भी पढ़ें- AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा कौन हैं, जिन पर रांची में प्रदर्शन के दौरान फेंकी गई स्याही

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ludhiana News, Punjab News, Ludhiana Municipal Corporation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com